Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Nov, 2017 09:25 AM
महानगर के सूफियां बाग क्षेत्र में अमरसन पोलीमर्स फैक्टरी में आग लगने के बाद गिरी 6 मंजिला इमारत का कुछ मलबा साथ लगती जनता रिक्शा फैक्टरी पर भी गिरा। इससे दोमंजिला जनता रिक्शा फैक्टरी की इमारत भी पूरी तरह मिट्टी में मिल गई।
लुधियाना(राजपाल): महानगर के सूफियां बाग क्षेत्र में अमरसन पोलीमर्स फैक्टरी में आग लगने के बाद गिरी 6 मंजिला इमारत का कुछ मलबा साथ लगती जनता रिक्शा फैक्टरी पर भी गिरा। इससे दोमंजिला जनता रिक्शा फैक्टरी की इमारत भी पूरी तरह मिट्टी में मिल गई।
जनता फैक्टरी चला रहे जनता रिक्शा कम्पनी के मालिक सुरिंद्र कपूर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस इमारत में वह नई रिक्शा बनाने के अलावा हौजरी यूनिट भी चला रहा था। इमारत गिरने से उसका सब कुछ बर्बाद हो गया। उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रिक्शा कम्पनी के साथ लगती इमारत में आग की सूचना पाकर वह अपने भाई दविंद्र कपूर, अजय कपूर, बेटे रोहित कपूर व विशाल कपूर के साथ वहां पहुंचा और आग बुझाने में परिवार सहित जुट गया। कुछ देर बाद वे सभी बाहर आए और इतने में ही विशालकाय इमारत आग लगने के बाद धराशायी हो गई।
इसका कुछ हिस्सा उनकी रिक्शा फैक्टरी की इमारत पर भी गिरा, जिसमें उनका बेटा रोहित कपूर मलबे में दब गया। उसे परिवार के सदस्यों व अन्य बचाव कर्मियों ने 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और सी.एम.सी. अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में आज डिप्टी कमिश्नर प्रदीप अग्रवोल व अन्य अधिकारियों सहित रोहित कपूर का कुशलक्षेम पूछने पहुंचे। रोहित कपूर को वैंटीलेटर पर रखा गया है और उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है, जो रोहित के स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं।