Edited By Updated: 25 Jan, 2017 08:04 PM
पंजाब में चार फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों के.....
जालंधर: पंजाब में चार फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने आए कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने आज आरोप लगाया कि बादल के बाद अब पंजाब को लूटने के लिए दिल्ली से केजरीवाल आ रहे हैं और कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने पर वह ठेका कर्मचरियों को नियमित कर देंगे।
जालंधर के नकोदर, शाहकोट तथा करतारपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने आज कहा, ‘‘बादलों मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उनके परिवार ने पंजाब को पिछले दस साल से लूटने का काम किया है और अब अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आम आदमी पार्टी हर हथकंडा अपना कर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होकर प्रदेश तथा यहां की आवाम को लूटने आ रही है।’’
कांग्रेस नेता ने लोगों से वादा किया कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने पर वह प्राथमिकता के राज्य में ठेका कर्मचारियों को नियमित कर देंगे तथा बेपटरी हुए कृषि और उद्योग को दोबारा पटरी पर ले आयेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने दोहराया, ‘‘सरकार बनने के बाद प्रदेश में किसानों के कर्ज माफ कर दिए जाएंगे। इसके अलावा कृषि के विकास के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे जैसा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में अपने पिछले कार्यकाल में किया था।’’
प्रदेश में सत्तारूढ़ अकाली दल पर बरसते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि कृषि विकास के लिए मुख्यमंत्री रहते उन्होंने जो कदम उठाए थे उसे अकाली सरकार ने बंद कर दिया। इसमें विश्व बैंक से प्रायोजित एशिया की सबसे बड़ी नर्सरी की परियोजना थी।