Edited By Kalash,Updated: 15 Jun, 2026 02:37 PM

अमृतसर के हलका जंडियाला गुरु के अधीन आते गांव वैरोवाल रोड पर एक बार फिर गोलियां चलने की घटना सामने आई है।
अमृतसर/जंडियाला गुरु (रमन): अमृतसर के हलका जंडियाला गुरु के अधीन आते गांव वैरोवाल रोड पर एक बार फिर गोलियां चलने की घटना सामने आई है। देर रात अज्ञात युवकों द्वारा एक घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घर के दरवाजे पर गोलियां लगने से परिवार सहमा हुआ है।
जानकारी के अनुसार बीती रात कुलवंत सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी जंडियाला गुरु के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने 3 के करीब गोलियां चलाई और मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा करने का काम शुरू कर दिया। पुलिस आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। इस मौके पर पीड़ित परिवार ने कहा कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है, लेकिन कुछ समय पहले उनके पास फिरौती के लिए कॉल जरूर आई थी। इस कारण पुलिस इस एंगल पर भी गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस चौकी इंचार्ज गुरपाल सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक घर पर गोलियां चलाई गई है। मौके की जांच के दौरान तीन गोलियां चलने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाई हैं और CCTV फुटेज की मदद से दोषियों की पहचान की जा रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़कर सच लोगों के सामने लाया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here