सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणियों को लेकर हिंदू नेताओं में रोष, दी सख्त चेतावनी

Edited By Kamini,Updated: 29 Sep, 2026 09:17 AM

hindu leaders angry over derogatory remarks on deities

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ की जा रही कथित आपत्तिजनक और भद्दी टिप्पणियों को लेकर हिंदू संगठनों ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।

लुधियाना (राज): सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ की जा रही कथित आपत्तिजनक और भद्दी टिप्पणियों को लेकर हिंदू संगठनों ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। इस मामले को लेकर सोमवार को शिवसेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन की अगवाई में एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचा। नेताओं ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने और आपत्तिजनक बयानबाजी करने वाले कुछ संदिग्ध तत्वों व निहंगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। इस पर पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच करवाकर जल्द उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवसेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन ने कहा कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया, खासकर फेसबुक पर सुनियोजित तरीके से हिंदू आस्था और देवी-देवताओं को निशाना बनाकर बेहद अशोभनीय शब्दावली का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्व जानबूझकर आपसी भाईचारा बिगाड़ने के मकसद से भगवान श्री कृष्ण, भगवान श्री गणेश और भारत माता को लेकर आपत्तिजनक व अपमानजनक कटाक्ष कर रहे हैं। 

टंडन ने कहा कि कुछ व्यक्तियों द्वारा भगवान श्री कृष्ण के संदर्भ में बेबुनियाद व अशोभनीय बातें कही जा रही हैं, जिससे समस्त हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं। उन्होंने 2 टूक कहा कि सनातन धर्म के पूजनीय प्रतीकों और देवी-देवताओं का ऐसा अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजीव टंडन ने तीखा विरोध जताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग देश और संस्कृति के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग केवल इंटरनेट और कैमरों के पीछे बैठकर बयानबाजी करना जानते हैं। उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा कि यदि किसी को कोई शंका या बात है, तो वह आमने-सामने आकर शालीनता से बात करे, उन्हें हर बात का मर्यादा में रहकर तथ्यपूर्ण जवाब दिया जाएगा।

कार्रवाई न हुई तो सड़कों पर उतरेंगे हिंदू संगठन की चेतावनी

शिवसेना नेता ने स्पष्ट किया कि कानून का सम्मान करते हुए उनका पहला दायित्व पुलिस व प्रशासनिक तंत्र को औपचारिक शिकायत सौंपना था, जिसे उन्होंने पूरा कर दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और स्थानीय पुलिस के माध्यम से जांच करवाकर आवश्यक कानूनी कदम उठाने का भरोसा दिया है। हालांकि, टंडन ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने मामले में लीपापोती की या आरोपियों पर तुरंत कानूनी शिकंजा नहीं कसा, तो हिंदू संगठनों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आस्था के सम्मान की रक्षा के लिए धरना-प्रदर्शन और बड़े स्तर पर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटा जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!