Edited By Kalash,Updated: 17 Nov, 2026 12:39 PM

शहर में प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों को इसकी कोई चिंता नजर नहीं आ रही।
जालंधर (खुराना): शहर में प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों को इसकी कोई चिंता नजर नहीं आ रही। शहर में जगह-जगह कूड़े और हॉर्टिकल्चर वेस्ट को आग लगाकर खत्म किया जा रहा है। जिस कूड़े को नियमों के अनुसार इकट्ठा करके प्रोसैस किया जाना चाहिए, उसे आग के हवाले करके नगर निगम अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ता दिखाई दे रहा है। इससे उठने वाला जहरीला धुआं आसपास के इलाकों में फैलकर लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रहा है।
हैरानी की बात है कि नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एन.जी.टी.), सुप्रीम कोर्ट और देश की विभिन्न अदालतें प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दे चुकी हैं, लेकिन जालंधर में कूड़ा जलाने की घटनाएं लगातार जारी हैं। नगर निगम में सॉलिड वेस्ट मैनेजमैंट रूल्स 2016 लागू हैं, जिनके तहत कूड़ा जलाने पर जुर्माने का प्रावधान है। निगम ऐसे मामलों में 25 हजार रुपए तक जुर्माना लगा सकता है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई प्रभावी कार्रवाई आज तक नजर नहीं आई।
शहर के बीचोंबीच स्थित रैनक बाजार, शेखां बाजार और अन्य अंदरूनी बाजारों में सफाई व्यवस्था की कमी भी इस समस्या का बड़ा कारण है। इन बाजारों में नियमित स्वीपिंग का उचित प्रबंध नहीं है और कई स्थानों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी नहीं पहुंच पातीं। नतीजतन कूड़ा इकट्ठा होता रहता है और कई बार उसे उठाने की बजाय आग लगा दी जाती है। दोपहर और शाम के समय उठने वाला धुआं दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता है। दुकानदार कई बार मेयर और नगर निगम कमिश्नर से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इसी तरह मुख्य सड़कों और ग्रीन बेल्ट के साथ लगती खाली जगहों पर भी लगातार कूड़ा फैंका जा रहा है। ये स्थान धीरे-धीरे अवैध डंप में बदल चुके हैं, जहां अक्सर कूड़े को आग लगी दिखाई देती है। कई पार्कों में भी पत्तों, टहनियों और अन्य हॉर्टिकल्चर वेस्ट को उचित तरीके से उठाने और निस्तारित करने की बजाय जला दिया जाता है। इससे सुबह-शाम सैर करने वाले लोगों और आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी उठानी पड़ती है।
सवाल यह है कि जब नगर निगम शहर की सफाई और कूड़ा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालता है तो उसके अधीन आने वाले क्षेत्रों में कूड़ा खुलेआम कैसे जलाया जा रहा है। निगम को चाहिए कि बाजारों में नियमित सफाई और कूड़े की लिफ्टिंग की व्यवस्था करे तथा कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे। अन्यथा स्वच्छ शहर और प्रदूषण मुक्त वातावरण के दावे केवल कागजों तक ही सीमित रहेंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here