Edited By Subhash Kapoor,Updated: 19 Aug, 2023 04:46 PM

पंजाब में कई जिलों के साथ-साथ फिरोजपुर में भी बाढ़ की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।
फिरोजपुर : पंजाब में कई जिलों के साथ-साथ फिरोजपुर में भी बाढ़ की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि सतलुज दरिया में पानी के स्तर बढ़ने से फिरोजपुर में हालात बेकाबू हो गए हैं तथा 15 गांव पानी की चपेट में आ गए हैं। वहीं इलाके में बाढ़ की स्थिति ज्यादा गंभीर न हो, इसके लिए वालों के कहने पर हुसैनीवाला हेड के गेट खोलने पड़ गए हैं। फिरोजपुर के कई जिले बाढ़ की चपेट में आने से लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। दरअसल दरिया का पानी दुलचीके में बने धुस्सी बांध से लग चुका है और ऐसे में यदि बांध को नुक्सान पहुंचता है तो पूरा फिरोजपुर पानी में डूब सकता है। मल्लांवाला, पल्ला मेगा व हुसैनीवाला से सटे सभी गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं, ऐसे में यदि और पानी छोड़ा जाता है तो अन्य कई जिलों में भी जलस्तर बढ़ने से स्थिति गंभीर हो सकती है। फिरोजपुर जिले के लगभग 50 गांव प्रभावित हुए हैं, वहीं ग्रामीणों की मदद के लिए सेना और एन.डी.आर.एफ. की टीमें दिन-रात काम कर रही हैं तथा प्रशासन की स्थिति पर पूरी नजर है।