पार्किंग विवाद में गई व्यक्ति की जान! पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, एक ही परिवार के 3 लोगों पर केस दर्ज

Edited By Kalash,Updated: 22 Nov, 2026 12:39 PM

dispute over parking fir

पायल के वार्ड नंबर 4 के औजला मोहल्ले में कार खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद उस समय गंभीर रूप धारण कर गया

पायल (विनायक): पायल के वार्ड नंबर 4 के औजला मोहल्ले में कार खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद उस समय गंभीर रूप धारण कर गया, जब एक व्यक्ति की कथित तौर पर बेइज्जती करने और जान से मारने की धमकियां देने के बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पायल पुलिस ने मृतक की पत्नी परमजीत कौर के बयानों के आधार पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 105 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा नामजद किए गए व्यक्तियों की पहचान परमिंदरपाल सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, जसवीर कौर पत्नी परमिंदरपाल सिंह और अर्शदीप सिंह पुत्र परमिंदरपाल सिंह, निवासी वार्ड नंबर 4, औजला मोहल्ला, पायल के रूप में हुई है।

पुलिस को दिए बयान में मृतक अमर सिंह की पत्नी परमजीत कौर ने बताया कि उसका पति और बेटा दिलप्रीत सिंह घुडाणी खुर्द स्थित बोपाराय इंडस्ट्री में काम करते थे। दोनों रोजाना सुबह करीब 6.30 बजे अपने मोटरसाइकिल पर काम के लिए जाते और शाम करीब 7.15 बजे घर लौटते थे। उसका बेटा दिलप्रीत सिंह दिव्यांग है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 19 नवंबर को उसका पति अमर सिंह और बेटा दिलप्रीत सिंह काम से घर लौटे थे। बेटा घर के अंदर चला गया, जबकि वह दूध की कैनी लेकर अपने पति को देने के लिए बाहर आई। उस समय उसका पति मोटरसाइकिल पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उनका पड़ोसी दुकानदार सुरिंदर सिंह ढिल्लों भी वहां आ गया।

परमजीत कौर ने बताया कि उसके पति ने सुरिंदर सिंह से बातचीत करते हुए एतराज जताया कि मोहल्ले का परमिंदरपाल सिंह अपनी कार अपने घर के आगे खड़ी करने के बजाय उनके घर के पास खड़ी कर देता है। इस कारण आने-जाने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। कई बार लोग कार को उनका समझकर उन्हें ही कार हटाने के लिए कहते रहते हैं। इस संबंध में उसके पति ने पुलिस के पास शिकायत देने की बात भी कही थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि इसी दौरान परमिंदरपाल सिंह का बेटा अर्शदीप सिंह मोटरसाइकिल पर वहां पहुंच गया और उसके पति के साथ बहस करने लगा। उसने अपना मोटरसाइकिल भी कार के आगे खड़ा करते हुए कहा कि उसका मोटरसाइकिल और उनकी दूसरी कार भी वहीं खड़ी रहेगी। इसके बाद उसने अपने पिता परमिंदरपाल सिंह और माता जसवीर कौर को भी मौके पर बुला लिया। परमजीत कौर ने आरोप लगाया कि तीनों ने मिलकर उसके पति अमर सिंह के साथ ऊंची आवाज में गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकियां दीं। इस दौरान उसके पति की काफी बेइज्जती की गई, जिस कारण वह बहुत ज्यादा घबरा गया।

PunjabKesari

मोटरसाइकिल से गिरने के बाद बिगड़ी हालत

शिकायतकर्ता के अनुसार विवाद और कथित गाली-गलौज के बाद उसका पति अमर सिंह मोटरसाइकिल से नीचे जमीन पर गिर पड़ा। गिरते समय उसकी पगड़ी भी उतर गई, दूध वाली कैनी में से दूध बिखर गया और मोटरसाइकिल भी नीचे गिर पड़ा। उसने अपने पति को उठाने की कोशिश की, लेकिन वह गुमसुम हो चुका था और उसकी हालत काफी खराब थी।

परमजीत कौर ने बताया कि उसने आसपास के लोगों से तुरंत अपने पति को अस्पताल पहुंचाने की अपील की। मौके पर एंबुलेंस का प्रबंध न होने के कारण एक राहगीर युवक अपने वाहन से अमर सिंह को गांव कद्दौ के लाइफ केयर अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे सिद्धू अस्पताल दोराहा ले जाने के लिए कहा। सिद्धू अस्पताल में भी चिकित्सकीय जांच के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे डी.एम.सी. अस्पताल लुधियाना रेफर कर दिया गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, परिवार के सदस्य अमर सिंह को तुरंत डी.एम.सी. अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसके शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। मृतक की पत्नी परमजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में अपने पति की मौत के लिए परमिंदरपाल सिंह, जसवीर कौर और अर्शदीप सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि उनके द्वारा की गई कथित बेइज्जती और जान से मारने की धमकियों के कारण उसका पति बहुत ज्यादा घबरा गया था और इसी घटना के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। उसने तीनों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

पायल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

पायल पुलिस ने डी.एम.सी. अस्पताल लुधियाना से अमर सिंह की मौत संबंधी चिकित्सकीय सूचना मिलने पर मामले की अगली कार्रवाई शुरू की। मृतक की पत्नी परमजीत कौर के बयान और चिकित्सकीय सूचना के आधार पर पायल थाने में परमिंदरपाल सिंह, जसवीर कौर और अर्शदीप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!