Edited By Urmila,Updated: 29 Sep, 2026 12:41 PM

फिरोजपुर में ऑनलाइन साइबर ठगों द्वारा आम लोगों को अपना शिकार बनाकर लाखों रुपये की ठगी करने के तीन मामले सामने आए हैं।
फिरोजपुर (आनंद): फिरोजपुर में ऑनलाइन साइबर ठगों द्वारा आम लोगों को अपना शिकार बनाकर लाखों रुपये की ठगी करने के तीन मामले सामने आए हैं। स्टेट साइबर क्राइम पंजाब और स्थानीय पुलिस ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर तरसेम सिंह, सुनील कुमार सचदेवा और अनुज शर्मा के साथ हुई लाखों रुपये की धोखाधड़ी के संबंध में अज्ञात तथा एक व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। जिला फिरोजपुर में साइबर अपराधियों ने अलग-अलग हथकंडे अपनाकर तीन व्यक्तियों से कुल 20.91 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की है।थाना लक्खो के बहराम के तहत आते गांव मिर्जा के निवासी तरसेम सिंह पुत्र बलवंत सिंह ने बताया कि उन्हें एक नंबर 18002662 से कॉल आई। कॉल में कहा गया कि यदि आपने भुगतान (पेमेंट) किया है तो 1 दबाएं और यदि नहीं किया तो 9 दबाएं। जैसे ही उन्होंने 9 दबाया, उनके बैंक खाते से 2 लाख रुपये कटने का मैसेज आ गया।
फिरोजपुर शहर के बाजार दुर्गा दास के रहने वाले सुनील कुमार सचदेवा पुत्र मनोहर लाल सिंह (निवासी मकान नंबर 16, गली कुमारां वाली, बाजार दुर्गा दास, फिरोजपुर शहर) ने बताया कि उन्हें एक व्हाट्सएप कॉल आई कि उनके बेटे का कैलगरी (कनाडा) में एक्सीडेंट हो गया है और वह अस्पताल में भर्ती है। इलाज के लिए पैसों की मांग करने पर उन्होंने घबराहट में आकर अलग-अलग खातों में 11 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। सुनील कुमार सचदेवा ने बताया कि बाद में बेटे के सुरक्षित होने का पता चलने पर उन्होंने 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
इसी तरह सहायक थानेदार जसबीर सिंह ने बताया कि अनुज शर्मा पुत्र पवन शर्मा (निवासी मकान नंबर 21, पाम सिटी, धवन कॉलोनी के पास) ने एक वेबसाइट पर फ्रेंचाइजी देने का विज्ञापन देखकर संपर्क किया था। अनुज शर्मा ने बताया कि ठगों ने झांसे में लेकर फॉर्म भरवाया और अलग-अलग किस्तों में कुल 7 लाख 41 हजार 930 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। अनुज शर्मा ने बताया कि फ्रेंचाइजी न मिलने पर उन्होंने 1930 पर शिकायत की।पुलिस जांच में कॉल करने वाले मोबाइल नंबर का रिकॉर्ड कोलकाता (पश्चिम बंगाल) के एक व्यक्ति प्राणकृष्णा मोहंती पुत्र शुकादेब मोहंती (निवासी बालेश्वर, धामनगर, भद्रक, ओडिशा / कोलिन लेन, पार्क स्ट्रीट) के नाम पर पाया गया, जिसके बाद कानूनी राय लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। इन तीनों मामलों की जांच सहायक थानेदार जसबीर सिंह कर रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here