Edited By Updated: 02 Apr, 2017 03:57 AM
पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह ने पी.आई.डी.बी. से संबंधित सभी इन्फ्रास्ट्रक्चर....
चंडीगढ़(भुल्लर): पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह ने पी.आई.डी.बी. से संबंधित सभी इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजैक्टों की समीक्षा के शनिवार को आदेश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि इस संबंध में सैद्धांतिक तौर पर फैसला पंजाब कैबिनेट की पहली बैठक में ही लेते हुए प्रोजैक्टों के फंडों पर रोक लगा दी गई थी।
शनिवार यहां पी.आई.डी.बी. की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को आदेश दिए हैं कि प्रोजैक्टों की समीक्षा करके 15 दिन के अंदर रिपोर्ट दें। इसके बाद फंड जारी करने का फैसला लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि समीक्षा के बाद अनियमितता वाले सभी प्रोजैक्टों की जांच शुरू की जाए।
उल्लेखनीय है कि जिन प्रोजैक्टों की समीक्षा के मुख्यमंत्री ने आदेश दिए हैं उनके लिए कुल 6201.50 करोड़ रुपए मंजूर हुए थे। 30 अप्रैल तक समीक्षा व जांच का कार्य मुकम्मल करने का समय निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री के साथ बैठक में कैबिनेट मंत्री मनप्रीत बादल, नवजोत सिंह सिद्धू, तृप्त रजिंद्र बाजवा व मुख्य सचिव समेत अन्य उच्चाधिकारी तथा पी.आई.डी.बी. के एम.डी. डी.के. तिवारी विशेष तौर पर उपस्थित थे।
कैप्टन ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि जांच में जो भी अधिकारी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन प्रोजैक्टों में रूरल कमीशन, सीवरेज एंड वाटर सप्लाई, सड़क निर्माण, ग्रामीण जल सप्लाई, सिंचाई, पर्यटन, प्रशासकीय सुधार, पावर, मैडीकल शिक्षा, उच्च शिक्षा के अलावा नाबार्ड से संबंधित प्रोजैक्ट शामिल हैं।