Edited By swetha,Updated: 30 Jul, 2018 11:32 AM
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने जिगर व गुर्दे की बीमारियों से पीड़ित एशियाई स्वर्ण पदक विजेता हाकम सिंह के इलाज के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध करवाने के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने रविवार को मीडिया में प्रकाशित...
जालन्धर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने जिगर व गुर्दे की बीमारियों से पीड़ित एशियाई स्वर्ण पदक विजेता हाकम सिंह के इलाज के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध करवाने के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने रविवार को मीडिया में प्रकाशित रिपोर्टों का स्वत: संज्ञान लेते हुए बरनाला के डिप्टी कमिश्रर से इस बारे में विस्तार से जानकारी भेजने के निर्देश जारी किए हैं।
64 वर्षीय हाकम सिंह को एशियाई खेलों में एथलैटिक्स में स्वर्ण पदक मिला था तथा उन्हें ध्यानचंद अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। वह संगरूर के अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
हाकम सिंह के परिजनों ने कहा था कि वह उनके इलाज का खर्चा उठाने में असमर्थ हैं। पिछले 10 दिनों में हाकम सिंह के इलाज पर लगभग डेढ़ लाख की राशि खर्च हो चुकी है। उनके पुत्र ने कहा था कि हाकम सिंह को अब स्पैशलाइज अस्पताल में इलाज करवाकर ही बचाया जा सकता है।
हाकम सिंह पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त हुए हैं तथा उन्हें इस समय 7000 रुपए की मासिक पैंशन मिलती है। 1978 में बैंकाक में हुई एशियाई खेलों में 20 कि.मी. वॉक में हाकम सिंह ने स्वर्ण पदक जीता था। उसके अगले वर्ष टोक्यो में हुई एशियाई ट्रैक व फील्ड चैम्पियनशिप में भी हाकम सिंह ने स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने कहा कि हाकम सिंह का इलाज करवाना सरकार की जिम्मेदारी है तथा डिप्टी कमिश्रर की रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार और भी उचित कदम उठाएगी।