Edited By Vatika,Updated: 08 May, 2018 06:30 PM
नशे को लेकर प्रदेश में हुई गिरफ्तारियों के आंकड़े ने मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह को ही उलझा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे पर अंकुश लगाने के लिए गठित एस.टी.एफ. अच्छा काम कर रही है। नशे के मामले में करीब 52 हजार गिरफ्तारियां की हैं।
चंडीगढ़(अश्वनी) : नशे को लेकर प्रदेश में हुई गिरफ्तारियों के आंकड़े ने मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह को ही उलझा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे पर अंकुश लगाने के लिए गठित एस.टी.एफ. अच्छा काम कर रही है। नशे के मामले में करीब 52 हजार गिरफ्तारियां की हैं।
हालांकि आंकड़ों पर सवाल उठने पर उन्होंने कहा कि उनके पास जो जानकारी आई है, वह उसे ही सांझा कर रहे हैं। बाकी पूरी डिटेल एस.टी.एफ. चीफ ही दे सकेंगे। देर शाम प्रैस विज्ञप्ति में आंकड़ों को संशोधित किया गया। बताया गया कि एस.टी.एफ. ने 15 हजार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। नशे में लिप्त बड़ी मछलियां देश से फरार हो चुकी हैं, जिनको जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।
एक बड़े सरगना को हांगकांग पुलिस ने गिरफ्तार किया है और पंजाब पुलिस जल्द ही उसे भारत लाने का प्रयास करेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया या किसी अन्य पर सीधे कार्रवाई से इंकार करते हुए कहा कि जब तक पुख्ता सबूत नहीं मिलते तब तक कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। इस मामले की जांच ई.डी. कर रहा है, जिसकी पूरी निगरानी हाईकोर्ट द्वारा की जा रही है।