शादियों के सीजन में नए करेंसी नोटों की कालाबाजारी जोरों पर, शगुन के हार के नाम पर लोगों की जेब पर डाका

Edited By Kalash,Updated: 19 Nov, 2026 05:46 PM

black marketing of currency notes

शादियों का सीजन शुरू होते ही सीमावर्ती जिला तरनतारन के बाजारों में भारतीय करेंसी के नए नोटों तथा उनसे तैयार किए जाने वाले शगुन के हारों की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आ रहा है।

तरनतारन (रमन): शादियों का सीजन शुरू होते ही सीमावर्ती जिला तरनतारन के बाजारों में भारतीय करेंसी के नए नोटों तथा उनसे तैयार किए जाने वाले शगुन के हारों की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि एक तरफ जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं में नए नोट उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है, जबकि दूसरी तरफ बाजारों में कुछ जनरल स्टोरों और मनियारी की दुकानों पर यही नोट कथित तौर पर महंगे दामों पर बेचे जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शादियों के सीजन में दूल्हे को शगुन के तौर पर करेंसी नोटों से तैयार हार पहनाने की परंपरा काफी प्रचलित है। इसी मांग का फायदा उठाते हुए कुछ दुकानदारों द्वारा नोटों के वास्तविक मूल्य से कहीं अधिक राशि वसूलने के आरोप सामने आ रहे हैं। इस संबंध में कामरेड हरजिंदर सिंह गिल ने बताया कि बाजार में 1000 रुपए के नोटों से तैयार हार को 1550 रुपए से अधिक तथा 2000 रुपए के नोटों वाले हार को करीब 3000 रुपए में बेचे जाने की बात सामने आई है। हालांकि हार तैयार करने की मेहनत और सजावट का कुछ खर्च हो सकता है।

कामरेड हरजिंदर सिंह गिल ने बताया कि सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि 10 रुपए के 100 नए नोटों की गड्डी, जिसका वास्तविक मूल्य 1000 रुपए बनता है, बाजार में कथित तौर पर 1400 रुपए में बेची जा रही है। इस प्रकार केवल नए नोट प्राप्त करने के लिए लोगों को 400 रुपए अतिरिक्त अदा करने पड़ रहे हैं। यहां तक कि पहले इस्तेमाल किए जा चुके, लेकिन अच्छी हालत वाले 10 रुपए के 100 नोटों की गड्डी भी करीब 1250 रुपए में बेची जा रही है। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार 20 रुपए के 100 नए नोटों की गड्डी, जिसका वास्तविक मूल्य 2000 रुपए है, उसके बदले करीब 2300 रुपए वसूले जाने के आरोप हैं, जबकि 20 रुपए के पहले इस्तेमाल किए जा चुके, लेकिन अच्छी हालत वाले 100 नोटों की गड्डी करीब 2150 रुपए में बेची जा रही है।

बैंकों में नए नोट नहीं, फिर बाजारों में कहां से पहुंच रही हैं नई गड्डियां?

कामरेड हरजिंदर सिंह गिल ने बताया कि इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल बैंकों की कार्यप्रणाली को लेकर खड़ा हो रहा है। जब आम लोग 10 और 20 रुपए के नए नोट लेने के लिए बैंकों में पहुंचते हैं तो उन्हें नई करेंसी उपलब्ध नहीं होने का जवाब मिलता है। यहां तक कि तरनतारन में बैंक की करेंसी चेस्ट होने के बावजूद पिछले कई वर्षों से नए नोटों की सप्लाई नहीं आने की बात भी कही जा रही है। ऐसे हालात में सवाल पैदा होता है कि यदि बैंकों के पास नए नोट मौजूद नहीं हैं तो बाजारों में दुकानदारों के पास नए नोटों की गड्डियां कहां से पहुंच रही हैं?

इस संबंध में कुछ बैंक कर्मचारियों की कथित मिलीभगत का संदेह भी जताया जा रहा है। हालांकि इस मामले में किसी भी बैंक कर्मचारी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नए नोटों की सप्लाई तथा बाजारों में उनकी उपलब्धता के स्रोतों की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से यह पता लगाना जरूरी है कि बाजारों में बेची जा रही नए नोटों की गड्डियां किस स्रोत के माध्यम से दुकानदारों तक पहुंच रही हैं और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। जांच के दौरान यदि किसी बैंक कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की गैर-कानूनी गतिविधियों में संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत मिली तो नहीं बख्शेंगे : डिप्टी कमिश्नर

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिले के डिप्टी कमिश्नर डॉ. निर्मल ओसेपचन ने बताया कि करेंसी की कालाबाजारी करना गैर-कानूनी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान शुरू कर कार्रवाई करने के आदेश भी जारी किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान कोई बैंक कर्मचारी करेंसी की कालाबाजारी में मिलीभगत करता पाया गया तो उसे भी किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!