Edited By Updated: 27 Apr, 2017 11:10 AM
जाब वि.स. चुनाव में मिली हार की समीक्षा करने के लिए भाजपा द्वारा की गई बैठक में एक बार फिर गुटबाजी सामने आई। मीटिंग में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना के पहुंचने से पहले ही अश्विनी शर्मा गुट के नेता मीटिंग हाल से बाहर चले गए और गेट पर खड़े हो...
पठानकोट (आदित्य): पंजाब वि.स. चुनाव में मिली हार की समीक्षा करने के लिए भाजपा द्वारा की गई बैठक में एक बार फिर गुटबाजी सामने आई। मीटिंग में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना के पहुंचने से पहले ही अश्विनी शर्मा गुट के नेता मीटिंग हाल से बाहर चले गए और गेट पर खड़े हो गए। जैसे ही खन्ना मीटिंग के लिए आए तो उन्होंने अश्विनी शर्मा के समर्थन में नारेबाजी की। उन्हें शांत करवाकर अविनाश राय खन्ना मीटिंग में चले गए। मीटिंग करने के बाद उन्होंने नाराज अश्विनी शर्मा गुट को अंदर बुलाकर उनकी पूरी बात सुनी और उन्हें हाईकमान तक उनकी बात पहुंचाने का आश्वासन भी दिया।
दरअसल जिला पठानकोट के 2 हलकों में भाजपा को करारी हार मिली है। इसमें हलका पठानकोट से प्रत्याशी अश्विनी शर्मा और हलका भोआ से प्रत्याशी सीमा कुमारी हारी हैं। इन दोनों हलकों में मिली हार की समीक्षा करने के लिए जिला भाजपा के साथ-साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने कलेर पैलेस में मीटिंग रखी थी। मीटिंग में हार की समीक्षा करने के साथ-साथ 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी को एकजुट करने की रणनीति भी बनाई जानी थी लेकिन इससे पहले ही अश्विनी शर्मा के समर्थक नेताओं व वर्करों ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के सामने जमकर हंगामा किया। अश्विनी शर्मा गुट में भाजपा मंडल पठानकोट के प्रधान रोहित पुरी, मेयर अनिल वासुदेवा, सीनियर डिप्टी मेयर निर्मल सिंह समेत समूह भाजपा पार्षद और मंडल पठानकोट के वर्कर शामिल थे। उधर मीटिंग में उपस्थित जिलाध्यक्ष अनिल रामपाल ने कहा कि वह पार्टी पदाधिकारी होने के नाते मीटिंग में आए हैं। लड़ाई-झगड़े की कोई बात नहीं हुई है।
कोसने की बजाय 2019 के लिए एकजुट हों कार्यकर्ता : खन्ना
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि पंजाब के चुनाव के बाद हार की समीक्षा करने की कोई जरूरत नहीं है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट रहना होगा। उन्होंने कहा कि हार को कोसने की बजाय इस पर मंथन करने की जरूरत है। खन्ना ने 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए एकजुट रहने का सन्देश देते हुए कहा कि इस बात का मंथन करने की जरूरत है कि देश को खड़ा करने के लिए एक सशक्त व्यक्तित्व की जरूरत है। इस अवसर पर विधायक दिनेश सिंह बब्बू, पूर्व विधायक सीमा देवी, जिला अध्यक्ष अनिल रामपाल, महासचिव राकेश शर्मा व मास्टर मोहन लाल उपस्थित थे।
हार का कारण पार्टी के अपने ही कुछ नेता
अश्विनी शर्मा गुट ने कहा कि हलका पठानकोट से अश्विनी शर्मा की हार का कारण पार्टी के अपने ही कुछ नेता हैं जिन्होंने अश्विनी शर्मा को हराने के लिए विरोधियों को अंदरखाते सहयोग दिया। उन्होंने अविनाश राय खन्ना से मांग की कि पार्टी के साथ भीतरघात करने वाले नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया जाए। इस पर अविनाश राय खन्ना ने इस गुट को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को हाईकमान तक पहुंचा दिया जाएगा।