Edited By Vatika,Updated: 05 May, 2021 04:15 PM
शहर के नज़दीकी गांव हसनपुर पुरोहता में लखबीर सिंह डेयरी मालिक से राम पुजारी ने उसके घर में सोने का घड़ा दबाए होने का लालच देकर
पटियाला(बलजिंदर): शहर के नज़दीकी गांव हसनपुर पुरोहता में लखबीर सिंह डेयरी मालिक से राम पुजारी ने उसके घर में सोने का घड़ा दबाए होने का लालच देकर उससे 12 लाख 30 हज़ार रुपए ठग लिए। जब पैसे उसके हाथ में आ गए तो वह अपना मोबाइल फ़ोन बंद करके साथियों सहित फ़रार हो गया। इस मामले संबंधित थाना अनाज मंडी की पुलिस ने राम और उसके साथी अली और अब्दुला तीनों के ख़िलाफ़ केस दर्ज करके उनकी तालाश शुरू कर दी है।
इस अजीब ठगी का शिकार हुए डेयरी मालिक लखबीर सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी गाय की मौत हो गई थी, जिस कारण उसने किसी के कहने पर पुजारी राम को हवन के लिए बुलाया। हवन करने के बाद पुजारी ने घर में सोने का घड़ा दबे होने की बात कही लेकिन उसने उस बात को मना कर दिया। 2 दिन बाद पुजारी फिर उनके घर आया और उन्हें मिट्टी के घड़े में सोने के बिस्कुट और सोने की मूर्ति आदि दिखाई और उस पर एक बैठा हुआ सांप भी दिखाया। दिखाने के बाद पुजारी कहने लगा कि यह सांप आपके बेटे की बलि मांग रहा है। उसे शांत करने के लिए कुछ उपाए करने पड़ेंगे।
इसलिए उसने 30 हज़ार रुपए मांगे तो लखबीर सिंह ने उसे दे दिए। बाद में उसने अपने साथी शेख और अब्दुला को बुलाकर उनकी मदद के साथ 7 दरगाहों पर भंडारा करने की बात कही और उन्होंने भंडारों के लिए एक लाख रुपए मांगे। वह भी लखबीर सिंह ने पुजारी राम को दे दिए। इसके बाद लगातार वह पुजारी राम के जाल में फंसता गया। उसने अपनी 25 -30 लाख की डेयरी साढ़े 10 लाख रुपए में बेच दी और बाकी और पैसे रिश्तेदारों से इकट्ठा करके पुजारी राम को 12 लाख 30 हज़ार रुपए दे दिए। पैसे लेने के बाद पुजारी राम का फ़ोन बंद हो गया और जब कुछ दिनों बाद उन्होंने उस घड़े को खोल कर देखा तो उसमें सोने की बजाय मिट्टी निकली। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पुजारी राम, अली शेख और अब्दुल्ला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।