Edited By Vatika,Updated: 31 May, 2019 08:38 AM
संगरूर से दूसरी बार आम आदमी पार्टी के चुने गए सांसद भगवंत मान आज केंद्रीय कैबिनेट के शपथ ग्रहण समागम में न्यौता न मिलने के कारण शामिल नहीं हो सके।
जालंधर(रमनदीप सोढी): संगरूर से दूसरी बार आम आदमी पार्टी के चुने गए सांसद भगवंत मान आज केंद्रीय कैबिनेट के शपथ ग्रहण समागम में न्यौता न मिलने के कारण शामिल नहीं हो सके।
भगवंत मान ने कहा कि वह आज दोपहर तक अपने पास का इंतजार करते रहे परंतु जब दोपहर के 2 बज गए तो उन्होंने लोकसभा में किसी अधिकारी को फोन किया और अपने पास के बारे में पूछा। इस पर उनको राष्ट्रपति के पी.ए. उमाशंकर का नंबर दिया गया। उन्होंने जब उमाशंकर के साथ समागम के पास संबंधी बात की तो उनका जवाब था कि इस बारे में आप अमित शाह के पी.ए. या पीयूष गोयल के साथ बात करें क्योंकि यह सब प्रबंध भाजपा कर रही है।
इसके बाद उन्होंने अपने पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के साथ बात की तो उन्होंने कहा कि मेरे पास समागम का पास पहुंच गया है और मैं खुद प्रोग्राम में शामिल होने जा रहा हूं। मान ने कहा कि वह भी अन्य की तरह जनता के चुने हुए सांसद हैं फिर उनके साथ ऐसा बर्ताव क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसा बर्ताव करके नरेंद्र मोदी ने देश का न होकर भाजपा का प्रधानमंत्री होने का सबूत दिया है।