Edited By Subhash Kapoor,Updated: 07 Feb, 2026 10:58 PM

पंजाब में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते गैंगस्टरवाद को लेकर विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। बाजवा ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब सरकार की नाकामियों के...
पंजाब डैस्क : पंजाब में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते गैंगस्टरवाद को लेकर विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। बाजवा ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब सरकार की नाकामियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जवाब मांग रही है।
प्रताप बाजवा ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि लक्की ओबराय के रिश्तेदारों ने अरविंद केजरीवाल के सलाहकार दीपक बाली को घेरकर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि यह घटना जमीनी स्तर पर लोगों में बढ़ते आक्रोश को दर्शाती है, क्योंकि अब जनता सिर्फ जवाब चाहती है।
बाजवा ने आरोप लगाया कि जब लोग बढ़ते गैंगस्टरवाद और कानून व्यवस्था की विफलताओं को लेकर सवाल उठाते हैं, तो ‘आप’ नेताओं के पास कोई ठोस जवाब नहीं होता। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ठोस कार्रवाई करने की बजाय सरकारी नेता केवल बयानबाजी तक सीमित रह गए हैं।
अपने बयान में बाजवा ने बेहद तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार के प्रतिनिधि अंतिम संस्कार जैसे दुखद मौकों पर भी केवल फोटो खिंचवाने और बयान देने में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब अब चुप्पी और फोटो-ऑप्स को बर्दाश्त नहीं करेगा, बल्कि राज्य को अब जवाबदेही की सख्त जरूरत है।
