Edited By Vatika,Updated: 02 May, 2019 10:59 AM
विशाल नगर फेज-1 में एक गर्भवती महिला ने सड़क के किनारे ही बच्चे को जन्म दे दिया, लेकिन मानवता उस समय शर्मसार हो गई जब लोग उक्त महिला की मदद करने की अपेक्षा उसका वीडियो बनाते रहे। घटना की सूचना मिलने पर सहारा जनसेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड के सदस्यों...
बठिंडा (परमिंद्र): विशाल नगर फेज-1 में एक गर्भवती महिला ने सड़क के किनारे ही बच्चे को जन्म दे दिया, लेकिन मानवता उस समय शर्मसार हो गई जब लोग उक्त महिला की मदद करने की अपेक्षा उसका वीडियो बनाते रहे। घटना की सूचना मिलने पर सहारा जनसेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर उक्त महिला व उसकी नवजन्मी बच्ची को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया । गंभीर हालत को देखते हुए बच्ची को डाक्टरों ने एक निजी अस्पताल के लिए रैफर कर दिया।
प्रेम विवाह के बाद खुले आसमान तले रह रहा था परिवार
सहारा जनसेवा के अध्यक्ष विजय गोयल से मिली जानकारी के अनुसार उक्त महिला रोशनी पत्नी विकास निवासी बिहार ने प्रेम विवाह किया था। तब से दोनों बठिंडा में खुले आसमान के नीचे ही रहने को मजबूर थे। रोशनी करीब 8 माह से गर्भवती थी। बुधवार सुबह रोशनी का पति उसे बिना बताए कहीं चला गया। जब उसकी आंख खुली तो वह उसे ढूंढने के लिए निकली।
इसी दौरान गर्मी व अपनी हालत के कारण वह बेसुध होकर विशाल नगर की एक सड़क किनारे गिर पड़ी व उसी जगह उसने एक बच्ची को जन्म दे दिया। सहारा अध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलने पर संस्था सदस्य मौके पर पहुंचे तो कुछ लोग उक्त महिला का वीडियो बनाने में लगे थे व कोई उसकी मदद को तैयार नहीं था। सहारा वर्करों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की हालत गंभीर है, जिसे डाक्टर बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोगों को किसी मुसीबत में फंसे इंसान की मदद करनी चाहिए लेकिन अब अधिकांश लोगों में मानवता मरती जा रही है।