Edited By Urmila,Updated: 01 Jun, 2026 03:41 PM

अमृतसर में सामने आए सनसनीखेज युवक हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। हत्या के बाद शव को एक्टिवा पर ले जाने का वीडियो वायरल होने के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अमृतसर : अमृतसर में सामने आए सनसनीखेज युवक हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। हत्या के बाद शव को एक्टिवा पर ले जाने का वीडियो वायरल होने के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो सहित पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में दो युवक मृतक के शव को एक्टिवा पर अपने बीच बैठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। आशंका है कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को अमृतसर के एक सुनसान इलाके में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा 27 मई को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने पूरी रात और अगले दिन उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान युवक की लाश बरामद हुई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मां का आरोप है कि उनके बेटे की गला घोंटकर हत्या की गई है और इस वारदात में उसके दोस्त ही शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा चार बहनों का इकलौता भाई था। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कपड़े वही हैं, जिन्हें पहनकर वह घर से निकला था।
कोट खालसा चौकी इंचार्ज हर्सनदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में जो दृश्य दिखाई दे रहे हैं, उनकी तकनीकी और तथ्यात्मक जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता की पुष्टि होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई को अंतिम रूप दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक की जांच में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे गहन पूछताछ जारी है। वहीं, तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here