Edited By Updated: 27 Apr, 2017 09:58 AM
पंजाब व गोवा विधानसभा और फिर आज एम.सी.डी. चुनावों में लगातार हार के बाद आम आदमी पार्टी के भीतर घमासान मच गया है।
चंडीगढ़ (रमनजीत): पंजाब व गोवा विधानसभा और फिर आज एम.सी.डी. चुनावों में लगातार हार के बाद आम आदमी पार्टी के भीतर घमासान मच गया है। भगवंत मान द्वारा ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल पर सवाल उठाए जाने के बाद पंजाब विधानसभा में नेता विपक्ष हरविंद्र सिंह फूलका ने भगवंत मान पर ही निशाना साध दिया है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि आगामी दिनों में पंजाब ‘आप’ में और भी सुर उठेंगे।
आम आदमी पार्टी के बड़े चेहरे व सांसद भगवंत मान ने कहा है कि पार्टी लीडरशिप को चाहिए कि ई.वी.एम. में गड़बड़ी ढूंढने का कोई फायदा नहीं, बल्कि पार्टी को अपने भीतर झांकना चाहिए। भगवंत मान ने पंजाब चुनाव नतीजों के संदर्भ में कहा है कि इस बात में कोई शक नहीं है कि पार्टी हाईकमान द्वारा ऐतिहासिक भूल की गई है और इसका ही नुक्सान पार्टी को हुआ है। चर्चा यह भी है कि बुधवार को दिल्ली में एम.सी.डी. चुनाव के नतीजों की घोषणा होने के बाद भगवंत मान द्वारा मोहाली स्थित अपने घर के बाहर से आम आदमी पार्टी से संबंधित सभी तरह की प्रचार सामग्री, स्टिकरों को फाड़ दिया गया है।
उधर, भगवंत मान की बयानबाजी पर उन्हें घेरते हुए पार्टी के नेता व विधायक एच.एस. फूलका ने कहा है कि ‘आप’ बड़ी पार्टी है। पार्टी की जीत हार होती रहती है। इसका मतलब यह भी नहीं कि सब चीजों के लिए लीडरशिप जिम्मेदार है। फूलका ने भगवंत पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू और मनप्रीत बादल पार्टी में शामिल होते तो पार्टी को पंजाब में फायदा होना यकीनी था, लेकिन कुछ लोग उनको पार्टी में नहीं आने देना चाहते थे। इसी कारण पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा।