लुधियाना में तेज रफ्तार गाड़ी का कहर! बेटों के सामने मां का सिर कुचला, मौके पर मौ+त

Edited By Vatika,Updated: 21 Nov, 2026 02:01 PM

accident ludhiana news

महानगर में तेज रफ्तार और लापरवाह कमर्शियल वाहन चालकों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है।

लुधियाना (राज): महानगर में तेज रफ्तार और लापरवाह कमर्शियल वाहन चालकों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा हृदयविदारक सड़क हादसा शेरपुर इलाके में सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार 407 गाड़ी ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में बाइक से सड़क पर गिरी 32 वर्षीय महिला जूही देवी का सिर गाड़ी के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक संवेदनहीनता दिखाते हुए गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन मृतका के बेटे ने हिम्मत दिखाते हुए राहगीरों की मदद से पीछा किया और आरोपी चालक को बालाजी पुल के पास धर दबोचा। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अस्पताल से दवाई लेकर बेटों संग घर लौट रही थी जूही देवी, अचानक कट मारने से हुआ हादसा
मृतका के बेटे अर्जुन ने रोते हुए बताया कि वह अपने छोटे भाई और माता जूही देवी (32) के साथ बाइक पर सवार होकर शेरपुर स्थित अस्पताल से दवाई लेकर अपने घर लौट रहा था।रास्ते में सामने से एक वाहन आ रहा था, तभी बगल से गुजर रही तेज रफ्तार 407 गाड़ी के चालक ने अचानक कट मार दिया। वाहन की टक्कर/कट लगने से बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों सड़क पर गिर गए। गनीमत रही कि अर्जुन और उसका छोटा भाई सड़क के एक तरफ गिरे, लेकिन उनकी माता जूही देवी बीच सड़क की तरफ जा गिरीं और 407 गाड़ी का पिछला पहिया सीधे उनके सिर के ऊपर से गुजर गया।

बेटे ने राहगीरों संग पीछा कर बालाजी पुल से पकड़ा ड्राइवर, लगाया नशे में होने का आरोप
अर्जुन ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने काफी शोर मचाया, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और बालाजी पुल की तरफ भाग निकला। इस पर उसने अपने छोटे भाई को मां के पास मौके पर ही छोड़ा और 2-4 राहगीरों की मदद से पीछा करते हुए बालाजी पुल के नजदीक से आरोपी चालक को काबू कर लिया। मृतका के पति ने बताया कि हादसा करने वाली गाड़ी को भी कब्जे में लेकर मंडी में खड़ा करवा दिया गया है। मृतका के बेटे ने आरोप लगाया कि ड्राइवर शराब के नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। उसने कहा कि आरोपी का जमीर मर चुका है; यदि वह टक्कर मारने के बाद भागने के बजाय मानवता दिखाते हुए उनकी मां को अस्पताल ले जाता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी। परिजनों ने रोष जताते हुए कहा कि वाहन मालिक भी बिना जांच-पड़ताल किए नशेड़ी चालकों को गाड़ियां थमा देते हैं, जिससे निर्दोष लोगों के घर उजड़ रहे हैं। परिवार ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा और इंसाफ की गुहार लगाई है।

चश्मदीदों ने खारिज किया चालक का दावा, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
उधर, पुलिस हिरासत में आरोपी ड्राइवर शंकर सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि वह फोकल प्वाइंट से अपनी 14 फुटी 407 गाड़ी लेकर आ रहा था। उसने दावा किया कि गाड़ी की रफ्तार तेज नहीं थी और बाइक को क्रॉस करते समय सामने से एक अन्य गाड़ी आ गई, जिससे बचने के लिए उसने हल्का सा कट मारा और बाइक का हैंडल फंसने से यह हादसा हो गया। हालांकि, मौके पर मौजूद चश्मदीद लोगों ने ड्राइवर के इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाइक और 407 गाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है तथा मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!