Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Aug, 2017 04:19 PM
वाई ब्लाक में तेज रफ्तार लाल रंग की दिल्ली नंबर क्वालिस कार ने 2 रेहडिय़ां, 1 आटो और बाइक को टक्कर मार दी। इसमें गंभीर रूप से घायल हुए 5
लुधियाना(ऋषि): वाई ब्लाक में तेज रफ्तार लाल रंग की दिल्ली नंबर क्वालिस कार ने 2 रेहडिय़ां, 1 आटो और बाइक को टक्कर मार दी। इसमें गंभीर रूप से घायल हुए 5 लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में थाना पी.ए.यू. की पुलिस ने कार कब्जे में लेकर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी ज्ञान सिंह के अनुसार आरोपी चालक की पहचान चिराग शर्मा निवासी हैबोवाल के रूप में हुई है। थाना प्रभारी बृज मोहन के अनुसार कार चालक ए.एस.आई. का बेटा निकला जो नाबालिग है। कार बेकाबू होने से हादसा हुआ, जिसमें लोगों की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस ने उसके खिलाफ शमशेर सिंह निवासी डायरी काम्प्लैक्स के बयान पर केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में घायल ने बताया कि मंगलवार शाम 5 बजे वह मार्कीट में अपने मोटरसाइकिल पर फास्ट फूड लेने आया था। इसी दौरान उक्त आरोपी की तेज रफ्तार कार ने पहले फ्रूट चालक लालू, फिर उसे, आटो चालक रिंकू, चाय की दुकान लगाने वाली सुरजी देवी और अढ़ाई साल के रघुनंदन को अपनी चपेट में ले लिया। घायलों को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया।