Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Jan, 2018 08:56 AM
मोगा पुलिस ने गांव तारेवाला में करीब 6 महीने पहले एन.आर.आई. बुजुर्ग के हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि गांव तारेवाला में 22-23 जुलाई, 2017 की रात को एन.आर.आई. बुजुर्ग गुरचरण सिंह (64) पुत्र...
मोगा (आजाद): मोगा पुलिस ने गांव तारेवाला में करीब 6 महीने पहले एन.आर.आई. बुजुर्ग के हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि गांव तारेवाला में 22-23 जुलाई, 2017 की रात को एन.आर.आई. बुजुर्ग गुरचरण सिंह (64) पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी तारेवाला व उनकी पत्नी बलजीत कौर अपने घर में सोए हुए थे कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने घर में दाखिल होकर मारपीट करने के इरादे से गुरचरण सिंह का कत्ल कर दिया था। घटना में उसकी पत्नी बलजीत कौर घायल हो गई थी।
वारदात के बाद अज्ञात व्यक्ति 2 लाख 80 हजार रुपए मूल्य के जेवरात व 35 हजार की नकदी, 8 तोले सोने के जेवरात, 6500 मनीला के डालर, एक कड़ा चांदी का भी चोरी करके ले गए थे। इस संबंध में थाना सिटी साऊथ में मामला दर्ज किया गया था। एस.एस.पी. राजजीत सिंह के निर्देशों पर एस.पी.आई. वजीर सिंह, डी.एस.पी.आई. सर्बजीत सिंह के नेतृत्व में स्पैशल स्टाफ मोगा के इंस्पैक्टर किक्कर सिंह, इंस्पैक्टर जसकार सिंह, सब इंस्पैक्टर दिलबाग सिंह मोगा की विभिन्न टीमें बनाई गई थीं।
टीम को उस समय बड़ी सफलता मिली जब इस वारदात में आरोपी रवि कुमार उर्फ पोपो पुत्र श्रीराम निवासी त्रिलोकपुरा डूमरी जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) हाल आबाद गुरु नगर के नजदीक गीता भवन मोगा, शिवा कुमार पुत्र राज कुमार निवासी गांव मानकपुर जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश) हाल आबाद गली नंबर-2 परवाना नगर मोगा तथा बबलू कुमार पुत्र स्व. श्याम नारायण निवासी रामपुर जिला अमेठी (उत्तर प्रदेश) हाल आबाद परवाना नगर गली नंबर-2 मोगा को गिरफ्तार किया गया।
कुलविंद्र पर लूटपाट के 3 मामले दर्ज
गिरफ्तार किए रवि कुमार उर्फ पोपो, शिवा कुमार तथा बबलू कुमार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेकर और पूछताछ करके वारदात में इस्तेमाल हथियार, लूटा गया सामान, नकदी, डालर व जेवरात आदि बरामद किए जाएंगे। कुलविंद्र सिंह उर्फ सोनी के खिलाफ पहले भी लूटपाट के तीन मामले थाना सदर, थाना बाघापुराना व थाना सिटी साऊथ में दर्ज हैं।