Edited By Updated: 09 Feb, 2016 01:37 AM
थाना मेहटियाना के अधीन गांव भटराना में एक वृद्ध दर्शन सिंह की हत्या कर दी गई। मृतक के लड़के लखबीर सिंह...
होशियारपुर(अश्विनी): थाना मेहटियाना के अधीन गांव भटराना में एक वृद्ध दर्शन सिंह की हत्या कर दी गई। मृतक के लड़के लखबीर सिंह ने पुलिस के पास की शिकायत में कहा कि उसके पिता लगभग सायं सवा 6 बजे साइकिल पर घर से गए थे, सायं साढ़े 7 बजे राज कुमार पुत्र प्यारा राम ने मेरे घर आकर बताया कि दर्शन सिंह फुटबाल मैदान में गिरे हुए हैं व उन्हें काफी चोटें लगी हुई हैं। जब मैं व मेरा भाई गुरचरण सिंह मौके पर पहुंचे तो मेरे पिता दम तोड़ चुके थे।
लखबीर सिंह नेे पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके पिता का भूमि संबंधी विवाद गांव फुगलाना के गुरमीत सिंह उर्फ कूका के साथ चल रहा है। इस विवाद के चलते ही गुरमीत सिंह ने दर्शन सिंह की हत्या की है। लखबीर सिंह के बयान पर पुलिस ने गुरमीत सिंह के विरुद्ध धारा 302 के अधीन केस दर्ज कर लिया।
इस हत्या के विरोध में पूर्व पार्षद व माक्र्सवादी पार्टी (पंजाब) के नेता कामरेड गंगा प्रसाद व बाजीगर भाईचारा के जिला प्रधान जरनैल सिंह के नेतृत्व में लोगों ने मृतक दर्शन सिंह के शव को फगवाड़ा रोड पर स्थित पुरहीरां बाईपास चौक में रखकर रोष प्रदर्शन व चक्का जाम किया। लोगों ने पंजाब सरकार व पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
लोग हत्यारोपी गुरमीत सिंह को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। लोगों ने आरोप लगाया कि गुरमीत सिंह दर्शन सिंह की जमीन हड़पना चाहता था। कोटला गौंसपुर के पूर्व सरपंच शंकर सिंह ने कहा कि पुलिस हत्यारोपी को जानबूझ कर गिरफ्तार नहीं कर रही।
बाद में चब्बेवाल के डी.एस.पी. हरबीर सिंह ने मौका पर पहुंच कर प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वासन दिया कि हत्या के आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डी.एस.पी. के आश्वासन के बाद लोगों ने धरना समाप्त करके यातायात बहाल कर दिया। मक्खन सिंह पंडोरी बीबी, डा. जगतार सिंह संघा तथा बीबी परमजीत पंडोरी बीबी ने चेतावनी दी कि अगर कातिल को 2 दिन के अंदर गिरफ्तार न किया गया तो पुन: संघर्ष शुरू कर दिया जाएगा।