Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Feb, 2018 12:23 PM
जिले के संघोल में ईंट भट्ठे पर कार्य करने वाली एक मजदूर महिला ने सड़क पर बच्चे को जन्म दिया और कुछ ही देर में बच्चे की मौत हो गई।
फतेहगढ़ साहिब : जिले के संघोल में ईंट भट्ठे पर कार्य करने वाली एक मजदूर महिला ने सड़क पर बच्चे को जन्म दिया और कुछ ही देर में बच्चे की मौत हो गई। पूनम (36) के पति राजिंदर कुमार जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश से हैं, ने बताया कि पूनम को कल संघोल के जन स्वास्थ्य केंद्र में ले गए थे जहां से उन्हें यह कहकर खमानो के सिविल अस्पताल में रैफर किया गया कि उनके शरीर में रक्त की कमी है। खमानो में डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में रैफर कर दिया। इसके बाद वह घर लौट गए।
आज तड़के महिला को प्रसूति दर्द होने लगा तो वे संघोल स्वास्थ्य केंद्र जाने लगे लेकिन रास्ते में ही महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। बच्चे का थोड़ी देर में ही निधन हो गया। संघोल स्वास्थ्य केंद्र की डा. रश्मि ने कहा कि जब अस्पताल जाने को कहा गया था तो दम्पति को घर नहीं जाना चाहिए था।