Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Dec, 2017 10:32 AM
पाकिस्तानी सेना द्वारा नियंत्रण रेखा के साथ की गई गोलीबारी में शहीद हुए 3 लांस नायकों में एक लांस नायक सब डिवीजन तलवंडी साबो के गांव कोरेआना का था। शहीद कुलदीप सिंह की शहादत का पता चलते ही गांव में मातम छा गया। इकलौते पुत्र की शहीदी पर परिवार काफी...
तलवंडी साबो(मुनीश): पाकिस्तानी सेना द्वारा नियंत्रण रेखा के साथ की गई गोलीबारी में शहीद हुए 3 लांस नायकों में एक लांस नायक सब डिवीजन तलवंडी साबो के गांव कोरेआना का था। शहीद कुलदीप सिंह की शहादत का पता चलते ही गांव में मातम छा गया। इकलौते पुत्र की शहीदी पर परिवार काफी सदमे में है। शहीद का अंतिम संस्कार 25 दिसम्बर को सुबह 8 बजे गांव में ही किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार शहीद कुलदीप सिंह 2003 में फौज में सिपाही भर्ती हुआ था, जिसके बाद उसे लांस नायक का रैंक मिल गया। शहीद कुलदीप सिंह करीब एक सप्ताह पहले ही गांव अपने चचेरे भाई के विवाह में शामिल होने के बाद वापस ड्यूटी पर गया था। गांव वासी मेजर सिंह, यादविंद्र सिंह व जंग सिंह ने बताया कि गत देर सायं जैसे ही उसके शहीद होने की खबर पहुंची तो पूरे गांव में मातम छा गया। शहीद अपने पीछे अपनी अपाहिज माता, पत्नी, एक लड़का रसनूर सिंह (6) और लड़की दमनदीप कौर (2) छोड़ गया है। शहीद कुलदीप सिंह की माता रानी कौर को अपने पुत्र की शहादत का सबसे ज्यादा सदमा लगा है।
इकलौते बेटे की शहादत पर कुलदीप सिंह की माता रानी कौर के आंसू रोके नहीं रुक रहे और अपने पौत्र, पौत्री को गोद में लेकर रो रही माता बार-बार उनको यही पूछ रही थी ‘तुसी किस नूं पापा कहोगे, कौन तुहाडे लाड पूरे करेगा’। उनका कहना था कि कुलदीप सिंह ड्यूटी पर जाने से पहले कह गया था कि वह अगली छुट्टी में घर की सभी मुश्किलें दूर कर देगा।