Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Sep, 2017 10:36 AM
किाले में चल रहे 142 सेवा केन्द्रों के कर्मचारियों ने एक बार फिर अपने-अपने सेवा केन्द्र का कामकाज बंद कर रोष प्रदर्शन किया।
जालंधर (अमित) : किाले में चल रहे 142 सेवा केन्द्रों के कर्मचारियों ने एक बार फिर अपने-अपने सेवा केन्द्र का कामकाज बंद कर रोष प्रदर्शन किया। डी.ए.सी. में स्थित टाइप-1 सेवा केन्द्र को छोड़कर शहर के लगभग अन्य सभी सेवा केन्द्रों के स्टाफ ने अपनी मांगों के समर्थन में रोष प्रकट करते हुए कामकाज बंद रखा। सेवा केन्द्रों में काम करने वाले स्टाफ का कहना है कि वह सब बी.एल.एस. ई-साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के पास काम करते हैं। कंपनी प्रबंधन के साथ उनका विवाद चल रहा है जिसे सुलझाने में कम्पनी इच्छुक नहीं है।
उल्लेखनीय है कि सेवा केन्द्रों में काम करने वाले कर्मचारियों को पिछले 3 महीने से सैलरी ही नहीं मिल पा रही है जिस कारण कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। यहां बताने लायक है कि पिछले 5 महीने के अंदर सेवा केन्द्रों में काम करने वाले कर्मचारियों की तरफ से लगातार चौथी बार सैलरी न मिलने को लेकर रोष प्रदर्शन किया गया है। शुक्रवार को किए गए रोष प्रदर्शन के दौरान स्टाफ का ए.डी.एम. के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया और काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी जारी रही।
कर्मचारियों का कहना था कि अगर जल्दी ही उन्हें सैलरी न दी गई तो वह संघर्ष को और भी कड़ा करेंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी निजी कंपनी और इसके अधिकारियों की होगी। इसी बीच निजी कंपनी की तरफ से सारे स्टाफ को जल्दी ही कम से कम एक महीने की सैलरी दिए जाने का आश्वासन दिया गया जिसके बाद अधिकतर स्टाफ ने अपनी अगली रणनीति को तब तक के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है।