Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Aug, 2017 11:06 AM
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह का जन्मदिन 15 अगस्त को डेरा सिरसा में मनाया गया, जिसमें एक करोड़ संगत की हाजिरी
भटिंडा (बलविंद्र): डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह का जन्मदिन 15 अगस्त को डेरा सिरसा में मनाया गया, जिसमें एक करोड़ संगत की हाजिरी में खाप पंचायतों ने ऐलान किया कि जो आंख डेरा प्रमुख की ओर उठेगी, उसे नोच लिया जाएगा। उक्त खाप पंचायतों का इशारा पंजाब के गर्मदलियों की ओर माना जा रहा है। गत रात्रि डेरा सिरसा में चल रहे समागम के दौरान हरियाणा की प्रसिद्ध खाप पंचायतों ने संत गुरमीत राम रहीम सिंह को हरियाणवी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
पंचायतों ने ऐलान किया कि डेरा प्रमुख की ओर उठने वाली हर आंख को नोच लिया जाएगा। खाप पंचायतों के इस ऐलान को संगत ने भारी समर्थन दिया। भले ही खाप पंचायतों ने किसी भी पक्ष का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा पंजाब के गर्मदलियों की ओर माना जा रहा है, क्योंकि पंजाब में डेरा प्रमुख का विरोध लगातार हो रहा है, जिसे 10 साल 3 माह बीत चुके हैं। खाप पंचायतों के इस ऐलान के बाद डेरा प्रमुख ने तुरंत कोई बयान नहीं दिया। इस अवसर पर ऑल इंडिया सर्व जाट खाप पंचायत के अध्यक्ष नफे सिंह नैन, खाप के अध्यक्ष बलजीत सिंह मलिक, नैन खाप के उपाध्यक्ष भगत सिंह, ढांडा खाप के अध्यक्ष कुलदीप ढांडा, मेहर सिंह नैन आदि उपस्थित थे।
इस दौरान संत गुरमीत सिंह ने कहा कि भारतीयों के रहमोकर्म पर पलने वाला चीन हमारी सेना को आंखें दिखा रहा है, जिसे सबक सिखाने की जरूरत है। पाकिस्तान व चीन आपस में मिले हुए हैं। उन्होंने समूह संगत को प्रण दिलवाया कि वह चीन का बना कोई सामान नहीं खरींदेंगे। अगर भारतीय लोग चीनी सामान का बायकाट कर दें तो चीन में आॢथक संकट आ जाएगा, जो लड़ाई छोड़कर अपनी 125 अरब से अधिक जनसंख्या का पेट भरने के लिए सोचने को मजबूर हो जाएगा। इसके अलावा संत गुरमीत राम रहीम सिंह ने मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि हर दिन देश बदल रहा है व विकास के रास्ते पर है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के साथ किसी भी गरीब का नुक्सान नहीं हुआ, बल्कि भ्रष्ट लोगों को सजा मिली है, जिन्होंने काला धन एकत्र किया हुआ था। नोटबंदी, डिजीटल इंडिया, जी.एस.टी. आदि हर योजना देशहित में है।