Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Sep, 2017 04:58 PM
पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर में 2017 में 418 बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया है।
जालंधर (धवन): पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर में 2017 में 418 बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया है। केन्द्रीय गृह मंत्रालय की उपसचिव सुलेखा ने आर.टी.आई. एक्टीविस्ट डाल चंद पवार द्वारा जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी में उक्त खुलासा किया है। अगस्त 2017 तक की जानकारी देते हुए उपसचिव सुलेखा ने बताया कि 418 बार हुए युद्ध विराम के उल्लंघन में सेना तथा बी.एस.एफ. के 14 जवानों की शहीदियां हुई हैं, जबकि इसमें 7 अन्य आम नागरिक भी मारे गए हैं। गृह मंत्रालय ने रहस्योद्घाटन किया कि 2014 से लेकर अब तक लगातार अनेकों बार पाकिस्तान ने युद्ध विराम का उल्लंघन किया है।
गृह मंत्रालय ने बताया कि 2014 में 583 बार पाकिस्तान ने युद्ध विराम का जम्मू कश्मीर में अन्तर्राष्ट्रीय सीमा तथा एल.ओ.सी. के पास युद्ध विराम का उल्लंघन किया जिसमें सेना व बी.एस.एफ. के 3 तथा आम नागरिकों में से 14 लोग मारे गए। 2015 में 405 बार युद्ध विराम का उल्लंघन हुआ तथा उसमें सेना के 10 तथा आम जनता के 16 नागरिक मारे गए। 2016 में भी 449 बार युद्ध विराम का उल्लंघन हुआ था, जिसमें 13 जवान शहीद हुए जबकि 13 ही आम नागरिक भी मारे गए। मंत्रालय का कहना था कि अब चूंकि सॢदयों का मौसम निकट आ गया है, इसलिए आने वाले दिनों में युद्ध विराम के उल्लंघन की घटनाओं में बढ़ौतरी हो सकती है। सुरक्षा बल भी इसके लिए स्वयं को तैयार कर रहे हैं।
आर.टी.आई. के खुलासे से यह बात भी जग जाहिर हो गई है कि केन्द्र में मोदी सरकार के गठन के बाद से जम्मू कश्मीर में युद्ध विराम का उल्लंघन पाकिस्तान की ओर से होता आया है जबकि लोकसभा चुनाव से पूर्व यह दावा भाजपा द्वारा किया जा रहा था कि केन्द्र में उसकी सरकार बनने के बाद पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा तथा साथ ही जम्मू कश्मीर के सीमा पार से फायरिंग की घटनाओं में कमी आएगी परन्तु आर.टी.आई. के खुलासे से पता चला है कि युद्ध विराम की उल्लंघना के मामले बढ़ गए हैं।