Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Sep, 2017 11:08 PM
हनीप्रीत का नाम पुलिस ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में डाल दिया है। हरियाणा पुलिस ने रा...
जालंधर(रविंदर शर्मा): हनीप्रीत का नाम पुलिस ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में डाल दिया है। हरियाणा पुलिस ने राम रहीम को दोषी ठहराए जाने के बाद दंगा भड़काने के मामले में 43 लोगों की पहचान की है और इस लिस्ट में हनीप्रीत को पहले नंबर पर रखा गया है। गौर हो कि 25 अगस्त को सी.बी.आई. की अदालत ने राम रहीम को बलात्कार का दोषी ठहराया था और उस समय अदालत में राम रहीम के साथ उनकी गोद ली हुई बेटी हनीप्रीत भी थी। अदालत के फैसले के बाद पंचकूला समेत कई इलाकों में दंगे भड़क गए थे और इसमें 32 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 250 के करीब लोग घायल हुए थे। इसके अलावा करोड़ों रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति को नुक्सान पहुंचाया गया था। हरियाणा पुलिस पहले ही हनीप्रीत पर देशद्रोह का केस दर्ज कर चुकी है।
पुलिस का दावा है कि अदालत से दोषी ठहराए जाने के बाद हनीप्रीत ने राम रहीम को भगाने का प्रयास किया था। सोमवार को हरियाणा पुलिस ने दंगे में शामिल 43 लोगों की पहचान कर उनकी लिस्ट जारी की है और इस लिस्ट में हनीप्रीत को मोस्ट वांटेड शो किया गया है। यह पहचान पुलिस ने सी.सी.टी.वी. कैमरे व न्यूज चैनल पर दिखाई गई खबरों के बल पर की है। हनीप्रीत कौर, जिसका असली नाम प्रियंका तनेजा है और उसके राम रहीम के साथ कई तरह के रिश्ते जाहिर किए जा रहे हैं, 25 अगस्त की शाम को भागने में सफल रही थी। इससे पहले हनीप्रीत सरकारी हैलीकाप्टर में राम रहीम के साथ थी, जब राम रहीम को रोहतक जेल ले जाया गया था।
पुलिस ने इसके बाद हनीप्रीत के खिलाफ लुक आऊट सर्कुलर जारी कर कई स्थानों पर उसकी तलाश में छापामारी की थी, मगर अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पिछले 3 साल में राम रहीम ने जिन पांच फिल्मों को बनाया था, उनमें राम रहीम की हीरोइन का रोल भी हनीप्रीत ने ही निभाया था। हालांकि हनीप्रीत खुद को राम रहीम की गोद ली हुई बेटी बताती है, मगर हनीप्रीत के पति ने दोनों के बीच अवैध संबंधों का आरोप लगाया था। पुलिस ने इसके अलावा अदित्या इंसा को भी इस लिस्ट में रखा है और अन्य की तलाश में भी पुलिस की दबिश लगातार जारी है।