Edited By Punjab Kesari,Updated: 19 Sep, 2017 12:02 PM
गांव बकैन वाला में ऋण के कारण दिमागी रूप से परेशान किसान मक्खन सिंह (40) ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
फाजिल्का (नागपाल): गांव बकैन वाला में ऋण के कारण दिमागी रूप से परेशान किसान मक्खन सिंह (40) ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मृतक के भाई राजिन्द्र सिंह ने फाजिल्का सदर थाना के अंतर्गत खुईखेड़ा चौकी में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। उसके अनुसार मक्खन सिंह के पास गांव के निकट लगभग अढ़ाई एकड़ भूमि थी।
उसने बताया कि अबोहर के आढ़तियों मदन मोहन व विजय कुमार (दोनों भाई) तथा गौरव व चंद्र मोहन का उस पर 3.76 लाख रुपए का ऋण दिखाकर उसकी भूमि की कुर्की करवाई थी। इसके अतिरिक्त उसने करीब अढ़ाई लाख रुपए बैंक तथा 50,000 रुपए का ऋण सोसायटी से भी लिया हुआ था। प्राथमिकी में उसने बताया कि आढ़तियों ने मक्खन सिंह, उसकी माता तथा चाचा, चाची के विरुद्ध थाना सिटी-1 अबोहर में 3 जुलाई, 2017 को एक मामला भी दर्ज करवाया हुआ था।
उसने बताया कि इस कारण मक्खन सिंह दिमागी तौर से परेशान रहता था। इसी परेशानी के चलते मक्खन सिंह ने गत रात्रि अपने खेत में पेड़ के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। खुईखेड़ा चौकी पुलिस ने आढ़तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। मृतक का सायं सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम किया गया।