Edited By Punjab Kesari,Updated: 02 Feb, 2018 05:04 PM
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार मात्र घोषणाएं करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि 2016-17 के बजट में भी केंद्र ने प्रति परिवार एक लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा करने का ऐलान किया था
जालन्धर (धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार मात्र घोषणाएं करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि 2016-17 के बजट में भी केंद्र ने प्रति परिवार एक लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा करने का ऐलान किया था परन्तु उसे अभी तक लागू नहीं किया गया इसलिए मौजूदा बजट में किए गए ऐलान भी मात्र ऐलान बन कर रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब बजट में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेतली ने गरीबों का 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा करने का ऐलान किया है। वह दावा कर रहे हैं कि इससे 10 करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा।
जाखड़ ने कहा कि जेतली को पहले 2016-17 के बजट में 1 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा करने के ऐलान पर स्पष्टीकरण देना चाहिए कि वह अभी तक लागू क्यों नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि हर बार लोगों को भ्रमित करने के लिए एक नया जुमला छोड़ दिया जाता है। एक वर्ष बाद जब कुछ भी लागू नहीं होगा तो उस स्थिति में कांग्रेस उनसे सवाल पूछेगी कि बजट में किए गए ऐलानों को केंद्र क्यों नहीं लागू कर सका है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आज अस्पतालों में इलाज बहुत महंगा हो चुका है। केंद्र सरकार गरीबों के जख्मों पर नमक छिड़क रही है। ऐलान तो बहुत होते हैं परन्तु उन्हें व्यवहारिक तौर पर लागू करना ही सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा। उन्होंने कहा कि बजट में कई ऐसे और ऐलान किए गए हैं जिन्हें व्यवहारिक तौर पर लागू करना संभव नहीं है।
जाखड़ ने कहा कि पिछले 4 बजटों में किए गए ऐलानों की अगर कापियां मंगवा ली जाए तो उससे पता चल जाएगा कि केंद्र की राजग सरकार ने पंजाब को क्या कुछ दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व यू.पी.ए, सरकार के 10 वर्षों के शासनकाल में पंजाब को कितने अधिक ग्रांटों के गप्फे मिले यह किसी से छिपा हुआ नहीं है। पूर्व यू.पी.ए. सरकार द्वारा दी गई ग्रांटों के कार्य अब भी पंजाब में चल रहे हैं।