Edited By Updated: 08 Dec, 2016 11:04 AM
गांव समीरोवाल की एक गली में से गुटका साहिब (सुखमणि साहिब जी) के जगह-जगह बिखरे हुए अंग बरामद हुए। इससे सुखमणि साहिब की बेअदबी हुई है।
नूरपुरबेदी (संजीव): गांव समीरोवाल की एक गली में से गुटका साहिब (सुखमणि साहिब जी) के जगह-जगह बिखरे हुए अंग बरामद हुए। इससे सुखमणि साहिब की बेअदबी हुई है। इस घटना का पता चलते ही जहां तुरंत गांववासी एकत्रित हो गए, वहीं जिले के कई उच्च पुलिस अधिकारी भी जांच के लिए मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब साढ़े 7 बजे जब गांव का एक बुजुर्ग वरियाम सिंह गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने जा रहा था तो उसकी नजर गुरुद्वारा साहिब की गली में सुखमणि साहिब के बिखरे हुए अंगों पर पड़ी। सुखमणि साहिब जी के समूचे अंग गुरुद्वारा साहिब के निकट और गली में कई जगह बिखरे हुए मिले। इस घटना की सूचना मिलते ही एकत्रित हुए गांववासियों ने पूरे अदब व सत्कार के साथ उक्त अंगों को गांव के गुरुद्वारा साहिब में पहुंचाया। इस मौके पर विशेष रूप से सूचना मिलने पर पहुंचे तख्त श्री केसगढ़ साहिब आनंदपुर साहिब के हैड ग्रंथी फूला सिंह ने जपुजी साहिब का पाठ करके क्षमा याचना की। उसके उपरांत उक्त गुटका साहिब जी के समूचे अंगों को पूरे सत्कार के साथ तख्त श्री केसगढ़ साहिब में ले जाया जाएगा।
इस घटना की सूचना मिलने पर एस.पी. हैडक्वार्टर रूपनगर अजिन्द्र सिंह, डी.एस.पी. आनंदपुर साहिब संत सिंह धालीवाल और थाना मुखी नूरपुरबेदी सर्बजीत सिंह तुरंत मौके पर पहुंच गए। करीब 2 घंटों से भी अधिक समय तक उन्होंने इस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की। एस.पी. अजिन्द्र सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब के अंदर पड़े समूचे गुटके सही-सलामत हैं और यह घिनौनी हरकत किसी बाहरी व्यक्ति ने की लगती है, जिसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि गांव के बुजुर्ग बरियाम सिंह के बयानों पर फिलहाल अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।