Edited By Updated: 09 Dec, 2016 11:55 AM
बीच सड़क में विवाद कर रहे 2 युवकों को रोकना हरनामदासपुरा निवासी राज कुमार को महंगा पड़ गया।
जालंधर (प्रीत) : बीच सड़क में विवाद कर रहे 2 युवकों को रोकना हरनामदासपुरा निवासी राज कुमार को महंगा पड़ गया। युवकों का आपस में विवाद तो निपट गया, लेकिन एक गुट ने कुछ देर बाद राज कुमार के घर पर हमला कर ईंटें बरसाईं। हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन पुलिस के आने से पहले हमलावर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार राज कुमार के घर 12 दिसम्बर को शादी है।
घर में रिश्तेदार आए हुए थे और तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच कुछ युवक घर के बाहर आपस में विवाद कर रहे थे। राज कुमार ने उन्हें विवाद करने से रोका।
उस समय दोनों युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद साथियों सहित एक युवक वापस लौटा और राज कुमार के घर के बाहर गाली-गलौच करने लगे। राज कुमार के घर से कोई बाहर नहीं निकला तो हमलावरों ने घर पर ईंटें बरसानी शुरू कर दीं। सूचना मिलते ही थाना नं.-2 की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर फरार हो गए थे। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।