Edited By Punjab Kesari,Updated: 30 Sep, 2017 05:13 PM

एक बार फिर से पंजाब का माहौल खराब करने के लिए इंगलैंड में बैठे आतंकी सुरिंद्र सिंह बब्बर द्वारा फेसबुक के माध्यम से पंजाब भर से 7 युवाओं को इकट्ठा कर ‘टीम खालिस्तान’ तैयार की गई।
लुधियाना(ऋषि): एक बार फिर से पंजाब का माहौल खराब करने के लिए इंगलैंड में बैठे आतंकी सुरिंद्र सिंह बब्बर द्वारा फेसबुक के माध्यम से पंजाब भर से 7 युवाओं को इकट्ठा कर ‘टीम खालिस्तान’ तैयार की गई। इन आतंकियों के माध्यम से वह पंजाब में बड़ी वारदातों को अंजाम दे पाता, उससे पहले ही काऊंटर इंटैलीजैंस व लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस की संयुक्त टीम ने इन युवकों को सैक्टर-32 चंडीगढ़ रोड से दबोच लिया। दशहरे के दिन पुलिस के हाथ यह बड़ी सफलता लगी है।
सभी आतंकियों के खिलाफ थाना डिवीजन नं. 7 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस को इनके पास से 32 बोर की एक अवैध रिवाल्वर, 20 जिंदा कारतूस व 315 बोर के 2 रिवाल्वर व 13 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। उपरोक्त जानकारी पुलिस कमिश्नर आर.एन. ढोके व डी.सी.पी. क्राइम गगन अजीत सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए आतंकियों की पहचान कुलदीप सिंह निवासी सुभाष नगर, बस्ती जोधेवाल, जसवीर सिंह निवासी तरनतारन, अमनप्रीत सिंह निवासी मोगा, मनप्रीत सिंह निवासी गांव सेखा कलां, मोगा, ओंकार सिंह निवासी अमृतसर, योगराज सिंह निवासी अमृतसर व अमृतपाल सिंह निवासी गांव सुइया कलां, अमृतसर के रूप में हुई है।
सभी खालिस्तान के समर्थक हैं और पुलिस की टीमें काफी समय से इनके पीछे लगी हुई थीं। फेसबुक के माध्यम से कड़ी मशक्कत के बाद इन्हें काबू किया गया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आतंकियों में एक नाबालिग है। किसी के खिलाफ पहले कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। पुलिस आरोपियों को अदालतमें पेश कर 7 दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर गहनता से पूछताछ कर रही है।
बब्बर खालसा उठा रहा था सारा खर्चा
सी.पी. ढोके के अनुसार अब तक की जांच में सामने आया है कि सातों खालिस्तानी समर्थकों का सारा खर्चा बब्बर खालसा उठा रहा है। जरूरत के हिसाब से इन्हें पैसे मुहैया करवाए जा रहे थे। अवैध हथियार खरीदने के लिए भी उसी ने पैसे दिए थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बब्बर खालसा इन तक किस तरह और कब पैसे पहुंचा रहा था।
कई बार की लुधियाना में मीटिंग
डी.सी.पी. क्राइम गगन अजीत सिंह के अनुसार इन आतंकियों की तरफ से एक साथ पंजाब में कई जगह बड़ी वारदातों को अंजाम दिया जाना था। 7 मैंबरों की ‘टीम खालिस्तान’ लुधियाना में पहले भी कई बार मीटिंगें कर चुकी है। इस बार भी वे किसी प्लान के चलते आए थे।
बब्बर खालसा को लाने का प्रयास
सी.पी. ढोके के अनुसार बब्बर खालसा को इस मामले में नामजद किया गया है। उसे भी इंगलैंड से भारत लाने का प्रयास किया जाएगा। अब तक की जांच में सामने आया है कि इनके टारगेट पर पंजाब के वे सभी लोग थे जो खालिस्तान के खिलाफ बोलते आ रहे हैं। ए.डी.सी.पी. क्राइम सतनाम सिंह के अनुसार कुछ समय में पंजाब में हुई बड़ी वारदातें, जिनमें जालंधर के आर.एस.एस. प्रमुख गगनेजा, लुधियाना के हिन्दू नेता अमित शर्मा, डेरा सच्चा सौदा के 2 अनुयायी बाप-बेटे की हत्या, सलेम टाबरी में पादरी हत्याकांड, खन्ना के हिन्दू नेता दुर्गा गुप्ता की हत्या शामिल हैं, के साथ भी इन्हें जोड़कर देखा जाएगा। इन केसों के साथ इनके तार जुड़े हो सकते हैं लेकिन जांच से पहले कुछ नहीं कहा जा सकता।
फेसबुक पर ढूंढता खालिस्तानी समर्थक
पुलिस के अनुसार आतंकी बब्बर खालसा की तरफ से फेसबुक पर ऐसे खालिस्तानी समर्थकों को ढूंढा जाता है जो खालिस्तान के हक में आवाज उठाते हैं। कई महीनों तक इनसे बात करने के बाद गु्रप में शामिल कर लिया जाता है।