Edited By Updated: 27 Mar, 2017 10:05 AM
गांव धूंदा दरिया के किनारे से तोप के 25 गोले मिलने के बाद गांव में दहशत छा गई।
तरनतारन/गोइंदवाल साहिब(राजू):गांव धूंदा दरिया के किनारे से तोप के 25 गोले मिलने के बाद गांव में दहशत छा गई। बम निरोधक टीम द्वारा इनको नष्ट कर देने पर गांववासियों ने सुख की सांस ली। इस दौरान पुलिस जिला तरनतारन के एस.एस.पी. हरजीत सिंह और एस.पी. (हैडक्वार्टर) हरपाल सिंह रंधावा भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर उपस्थित रहे। गांववासी निरवैल सिंह, कामरेड बलदेव सिंह, सरपंच जगतार सिंह ने बताया कि सुबह किसान गुरदेव सिंह अपने खेतों को जा रहा था कि रास्ते में दरिया ब्यास से निकलते एक नाले में कुछ ठोस वस्तु दिखाई दी। नाले में पानी की आमद कुछ दिनों से काफी कम थी।
उस के नजदीक जाने पर पता लगा कि यह कोई बम नुमा चीज थी जिस पर किसान ने गांववासियों को सूचित किया। गांववासियों ने इसकी सूचना पुलिस थाना गोइंदवाल साहिब में दी। गोले मिलने की घटना के बाद गांव में दहशत छा गई। सूचना मिलने पर थाना प्रमुख सुखदेव सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच गए। थाना प्रमुख ने पुलिस पार्टी के साथ नाले से तोप के 25 जिंदा गोले बरामद कर इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर गांववासियों को उस स्थान से दूर कर दिया। तोप के गोलों को नष्ट करने के लिए जालंधर से सब इंस्पैक्टर सुरिन्दरपाल के नेतृत्व में पहुंची बम निरोधक टीम ने सावधानी से गोले नष्ट कर दिए।