Edited By Updated: 21 Oct, 2016 01:45 PM
एक कलियुगी मां अपनी 15 दिनों की नवजन्मी बच्ची को मदर एंड चाइल्ड अस्पताल में आज लावारिस हालत में छोड़कर भाग गई।
लुधियाना (ऋषि): एक कलियुगी मां अपनी 15 दिनों की नवजन्मी बच्ची को मदर एंड चाइल्ड अस्पताल में आज लावारिस हालत में छोड़कर भाग गई। पता चलते ही सिविल अस्पताल के स्टाफ ने बच्ची को नर्सरी में पहुंचाया और सिविल चौकी की पुलिस को शिकायत देकर बनती कार्रवाई की मांग की।
रेलवे स्टेशन पर गत 5 अक्तूबर को एक 30 वर्षीय महिला ने बच्ची को जन्म दिया था। महिला के साथ कोई पारिवारिक सदस्य न होने के चलते एम्बुलैंस 108 ने दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल दाखिल करवाया। सिविल अस्पताल की तरफ से मरीज के अकेले होने के चलते उसकी सुरक्षा बारे सिविल चौकी की पुलिस को कई बार सूचित किया।
कुछ दिनों तक उपचाराधीन रहने के बाद महिला और बच्ची को छुट्टी कर दी गई थी लेकिन वह अपनी मर्जी से ही बच्ची संग अस्पताल परिसर में रह रही थी। सिविल प्रशासन को आज दोपहर करीब 12 बजे पता चला कि करीब 3 घंटे से नवजन्मी बच्ची अकेले पड़ी हुई है और उसकी मां उसे छोड़कर भाग गई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और बच्ची को नर्सरी में पहुंचाया। थाना डिवीजन नं. 2 के प्रभारी कुलदीप सिंह कंग के अनुसार अस्पताल परिसर में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा पुलिस की कई टीमें महिला की तलाश में जुट गई हैं।