Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Nov, 2017 01:47 PM
कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के घर के पास स्थित कॉलोनी हौली सिटी से एक व्यक्ति का कार सहित अपहरण करने का मामला सामने आया है।
अमृतसर(संजीव): बाईपास पर स्थित होली सिटी में आज सुबह 6 बजे के करीब 3 लुटेरे रैस्टोरैंट मालिक पतविन्द्र सिंह से पिस्तौल के बल पर उसकी वरना कार छीन ले गए। लुटेरों ने पतविन्द्र सिंह को अपने साथ बिठा लिया और वेरका बाईपास पर उतार फरार हो गए। जाते हुए लुटेरे कार के दस्तावेज यह कहकर पतविन्द्र सिंह को दे गए कि इंश्योरैंस का क्लेम ले लेना। वेरका बाईपास से किसी तरह पतविन्द्र सिंह अपने घर पहुंचा और पुलिस को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर एस.एस. श्रीवास्तव, ए.डी.सी.पी. लखबीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू करवाई।
पत्नी को छोड़ कर आया था पीड़ित रैस्टोरैंट मालिक
रैस्टोरैंट मालिक पतविन्द्र सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी नवजीत कौर सरकारी स्कूल में अध्यापिका है जिसने सुबह चंडीगढ़ जाना था। वह सुबह वरना गाड़ी (नंबर-पी.बी.02 बी.टी. 6804) में अपनी पत्नी को हाल गेट छोड़ कर वापस होली सिटी लौटा जिस दौरान उसका पीछा एक इंडिगो कार करती रही थी।
जैसे ही वह अपने घर के बाहर रुका इंडिगो कार से 2 युवक उतरे और उस पर पिस्तौल तान दी। उनके द्वारा चाबी मांगने पर उसने तुरंत उन्हें चाबी थमा दी। जब लुटेरे कार न स्टार्ट न कर पाए तो उन्होंने उसे भी अपने साथ बिठा लिया और कार चलाने को कहा और वेरका बाईपास तक उस पर पिस्तौल ताने रखी। बाईपास पर लुटेरे ने उसे कार रोक उतरने को कहा, जब वह कार से उतरा तो उन्होंने उसे कार के दस्तावेज अपने साथ ले जाने को कह दिया।
कैबिनेट मंत्री ने किया था कानून व्यवस्था में सुधार का दावा
वारदात स्थल स्थानीय निकाय विभाग मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के घर से कुछ दूरी पर है। यहां वर्णनीय है कि हाल ही में नवजोत सिंह सिद्धू ने उच्च पुलिस अधिकारियों के साथ एक पत्रकार सम्मेलन में राज्य की कानून व्यवस्था में सुधार होने का दावा किया था और यह भी कहा था कि अब पुलिस लुटेरों के दिल में डर पैदा कर चुकी है, मगर आज होली सिटी में पिस्तौल की नोक पर कार लूटी जाने की वारदात ने कैबिनेट मंत्री के सभी दावों को हवा कर दिया है।
जल्द गिरफ्तार होंगे लुटेरे : पुलिस कमिश्नर
पुलिस कमिश्नर एस.एस. श्रीवास्तव का कहना है कि अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। बहुत जल्द वारदात में शामिल तीनों लुटेरों को उनकी विशेष टीमें गिरफ्तार कर लेगी।