Edited By Updated: 15 Oct, 2016 09:45 AM
पंजाब में मीडिया के एक वर्ग व सोशल मीडिया पर गलत चित्रों के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को बदनाम करने व समाज में वैमनस्य बढ़ाने के प्रयासों को गंभीरता
जालंधर(पाहवा): पंजाब में मीडिया के एक वर्ग व सोशल मीडिया पर गलत चित्रों के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को बदनाम करने व समाज में वैमनस्य बढ़ाने के प्रयासों को गंभीरता से लेते हुए संघ ने आशंका जताई है कि राज्य का माहौल खराब करने के उद्देश्य से एक गहरे षड्यंत्र के चलते इस तरह का प्रयास चल रहा है।
संघ ने प्रशासन से पूरे मामले की गहराई से जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंजाब प्रांत प्रचार प्रमुख रामगोपाल ने बताया कि हर साल की तरह विजयदशमी पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पूरे देश सहित जालंधर में भी पथ संचलन निकाला। इस पथ संचलन में संघ के स्वयंसेवक संघ के पूर्ण गणवेश भूरी पेंट, सफेद कमीज, काली टोपी, सिख बंधुओं के लिए काली पगड़ी, बैल्ट, बूट, जुराब व दंड सहित शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जालंधर में 4 स्थानों पर इसका आयोजन हुआ जिसमें 815 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।
इस संबंध में लगभग सभी राष्ट्रीय समाचार पत्रों में चित्र सहित समाचार प्रकाशित हुए परंतु मीडिया के एक वर्ग ने षड्यंत्र के चलते संघ के नाम पर कुछ ऐसे लोगों के चित्र प्रकाशित किए जिनका इस आयोजन से कोई संबंध नहीं था। इस प्रयास से मीडिया के एक वर्ग ने सिखों की धार्मिक भावनाएं भड़का कर उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ खड़ा करने व समाज के 2 वर्गों में विवाद पैदा करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि लुधियाना से प्रकाशित एक समाचार पत्र ने 7 मई, 2016 को जालंधर में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के 8 मई को प्रकाशित चित्रों को 11 अक्तूबर, 2016 को संघ द्वारा निकाले गए पथ संचलन से जोडऩे का षड्यंत्रकारी प्रयास किया है ताकि सिख समाज को संघ से दूर किया जा सके।
पिछले एक साल से इस तरह के प्रयासों से संघ को बदनाम करने की लगातार कोशिश हो रही है परंतु ऐसी साजिश करने वालों के मंसूबों के बारे में हमारा समाज अच्छी तरह से जानता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सिख मर्यादाओं का पूर्ण रूप से सम्मान करता है। उन्होंने बताया कि इन्हीं चित्रों को लेकर सोशल मीडिया पर भी एक अभियान चलाया जा रहा है जिससे समाज का वातावरण दूषित व तनावमयी हो रहा है। संघ अधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों से इस मामले की गहराई से जांच करने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।