Edited By Updated: 30 Sep, 2016 11:43 AM
पंजाब स्टेट सुविधा कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल बुधवार को 24वें दिन में दाखिल हो गई।
जालंधर(अमित): पंजाब स्टेट सुविधा कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल बुधवार को 24वें दिन में दाखिल हो गई। पंजाब स्टेट सुविधा कर्मचारी यूनियन के प्रदेश प्रधान हरमीत सिंह ने एक प्रैस विज्ञप्ति द्वारा बताया कि इतने दिनों से चल रहे धरने के बावजूद सरकार की तरफ से कोई जवाब न मिलने पर गुरुवार को सुविधा कर्मचारियों ने लंबी का रुख किया। इस दौरान मुक्तसर जिला प्रशासन को इस बात की जानकारी मिल गई, जिन्होंने डिप्टी सी.एम. सुखबीर सिंह बादल के साथ मुलाकात का समय ले लिया।
प्रशासन के कहे अनुसार कुछ सुविधा कर्मचारियों ने डिप्टी सी.एम. के साथ मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत करवाया। सुविधा कर्मचारियों की मांगें सुनने के उपरांत डिप्टी सी.एम. ने कहा कि आप सब लोग जाकर निजी कंपनी ज्वाइन कर लो जिसके जवाब में यूनियन ने सरकारी संस्थान में अपनी नौकरी पक्की करवाने को लेकर अपना पक्ष रखने हेतु एक पैनल मीटिंग की मांग रखी। डिप्टी सी.एम. ने अपने जवाब में कहा कि वे सब लोग 30 सितम्बर तक निजी कंपनी ज्वाइन कर लें, वर्ना सबकी सेवाएं खत्म कर दी जाएंगी।
यूनियन ने डिप्टी सी.एम. के साथ हुई मीटिंग में कोई नतीजा न आने की वजह से अपने धरने को जारी रखने का फैसला लिया है। यूनियन का कहना है कि एक तरफ तो सरकार ठेकेदारी सिस्टम के अंतर्गत अलग-अलग विभागों में लगे हुए कर्मचारियों को पक्का करने जा रही है तो दूसरी तरफ 12-12 साल से मेहनत और ईमानदारी से काम कर रहे सुविधा सैंटर कर्मचारियों को घर से बेघर कर दिया गया है। इसी हताशा का शिकार सुविधा कर्मचारियों ने ऐलान किया है कि अगर उन्हें नियमित नहीं किया गया तो वे अपनी जायज मांगों को मनवाने के लिए हर वो कदम उठाएंगे, जिसकी आवश्यकता होगी।