Edited By Updated: 07 Oct, 2015 02:52 AM
बस्ती बावा खेल के राज नगर इलाके में दिन निकलते ही रिक्शा चालक, उसकी पत्नी व मासूम बेटा आग लगने से बुरी तरह से झुलस गया।
जालंधर: बस्ती बावा खेल के राज नगर इलाके में दिन निकलते ही रिक्शा चालक, उसकी पत्नी व मासूम बेटा आग लगने से बुरी तरह से झुलस गया। रिक्शा चालक नरेश कुमार सुबह उठ कर रसोई में चाय बनाने लगा था कि अचानक आग का भभका निकलने से कमरे में आग फैल गई। नरेश कुमार की मासूम बच्ची बाथरूम में होने के कारण बाल-बाल बच गई। इलाका वासियों ने एम्बुलैंस को कॉल कर झुलसे तीनों सदस्यों को अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों के अनुसार नरेश कुमार, उसकी पत्नी मंतो व बेटा नीतिश (10) करीब 40 प्रतिशत झुलस गए हैं। तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक नरेश कुमार रिक्शा चलाता है। आज सुबह उसकी पत्नी मंतो, बेटी रिंकी, बेटा नीतिश घर पर थे। सुबह रिंकी उठ कर बाथरूम गई तो नरेश कुमार उठ कर चाय बनाने के लिए कमरे में बनाई गई रसोई में गया। जैसे ही उसने गैस चूल्हा जलाने के लिए लाइटर जलाया तो जोरदार भभके के साथ आग लग गई। कुछ ही पल में आग कमरे में फैल गई और आग ने कमरे में मौजूद नरेश, मंतो व नीतिश को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कम्प मच गया।
इलाकावासी एकत्र हुए और सभी ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। एम्बुलैंस व फायर ब्रिगेड विभाग को सूचित किया। परिवार के झुलसे तीनों सदस्यों को इलाकावासियों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर थाना बस्ती बावा खेल के इंस्पैक्टर सुखजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार गैस लीक होने से आग लग गई। पीड़ित परिवार के स्वस्थ होने पर जांच की जाएगी कि गैस सिलैंडर कहां से और कब लाया गया था।