Edited By Updated: 28 Sep, 2016 05:00 PM
पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने नवजोत सिंह सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा है कि सिद्धू का चौथा फ्रंट बिकाऊ है और वह हर रोज गिरगिट की तरह रंग बदल रहा है।
भटिंडा: पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने नवजोत सिंह सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा है कि सिद्धू का चौथा फ्रंट बिकाऊ है और वह हर रोज गिरगिट की तरह रंग बदल रहा है।
दरअसल, डिप्टी सी.एम. भटिंडा में एक कंपनी के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे। इस बीच उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह सिद्धू का चौथा फ्रंट पैसों का सौदा करने में जुटा हुआ है और इस ताक में है कि कौन सी पार्टी उन्हें ज़्यादा पैसा देगी। इस मौके पर सुखबीर बादल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविन्द केजरीवाल पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि केजरीवाल अब 3 महीने तक पंजाब में रहने की बात कर रहे हैं।
बादल ने कहा कि केजरीवाल साफ करे कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं या पंजाब के क्योंकि केजरीवाल दिल्ली वालों के साथ झूठे वायदे करके दिल्ली को भूलने में लगे हैं। इसी तरह वह कल पंजाब को भूल जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी एक राजनीतिक खेल है और इसे पंजाब के साथ कोई लगाव नहीं हैं बल्कि यह पार्टी लोगों को लूटने और घोटाले करने में लगी हुई है।