Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 Aug, 2017 11:27 AM
थाना डाबा के अधीन आते गांव लोहारा की राजा कालोनी में शनिवार सुबह करंट लगने से एक विवाहित महिला की मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने इसे दुर्घटना मानने से इंकार करते हुए उसके ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए धरना दिया। पुलिस ने मौत का कारण जानने...
लुधियाना(पंकज): थाना डाबा के अधीन आते गांव लोहारा की राजा कालोनी में शनिवार सुबह करंट लगने से एक विवाहित महिला की मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने इसे दुर्घटना मानने से इंकार करते हुए उसके ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए धरना दिया। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नगर निगम में बतौर सफाई सेवक का काम करने वाले अजय कुमार की पत्नी प्रिया (23) शनिवार को घर में फर्श पर पोंछा लगा रही थी कि अचानक एक्सटैंशन बोर्ड की नंगी तार से उसे करंट लग गया। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना का पता उस समय चला जब पड़ोस का बच्चा प्रिंस घर में आया व उसे फर्श पर गिरा देखकर परिवार को इसकी जानकारी दी। प्रिया को तुरंत जी.टी.बी. अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, घटना का पता चलने पर पहुंचे मृतका के मायका परिवार के सदस्यों ने इसे दुर्घटना मानने से इंकार करते हुए सिविल अस्पताल में जमकर प्रदर्शन किया। मृतका के भाई मोहित ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। उन्हें आशंका है कि सोची-समझी साजिश के तहत उसकी हत्या न की गई हो। घटना का पता चलने पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को इंसाफ दिलवाने का भरोसा दिलवाया व साफ किया कि पोस्टमार्टम में मौत का असली कारण पता चलने पर ही अगली कार्रवाई की जाएगी।