Edited By Vatika,Updated: 02 Mar, 2022 11:20 AM
पंजाब व हरियाणा में एक-दो दिनों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है।
लुधियाना,नई दिल्ली (सलूजा, प.स.): पंजाब व हरियाणा में एक-दो दिनों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। ऐसे संकेत चंडीगढ़ मौसम विभाग के प्रभारी डा. मनमोहन सिंह ने देते हुए बताया कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने से इसका सीधा प्रभाव मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब व हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में 2 व 3 मार्च को गरज व चमक के साथ बारिश हो सकती है जिससे तापमान में आए उछाल में गिरावट आ सकती है।
वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (आई.एम.डी.) ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मार्च से मई के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है। इस अवधि के दौरान हिंद-गंगा क्षेत्र के मैदानी इलाकों में लू का कहर सामान्य से कम रहेगा। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान के प्रमुख हिस्सों, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा।