Edited By Kamini,Updated: 06 Oct, 2026 05:38 PM

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ने एक इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
जालंधर (सोनू): पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ने एक इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, मुहिम के दौरान विजिलेंस ने जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग, कपूरथला में तैनात (एस.डी.ई.) अगमजोत सिंह को 1,25,000 रुपये की रिश्वत मांगने और पहली किस्त के 30,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग, उपमंडल नंबर 2, कपूरथला में तैनात एक उपमंडल क्लर्क की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उक्त आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका तबादला आरोपी एसडीई अगमजोत सिंह द्वारा 5 अक्टूबर 2024 को गांव चकोकी, जिला कपूरथला की जल आपूर्ति योजना में कर दिया गया था जबकि उसका घर तैनाती वाली जगह से काफी दूर था। इसी के चलते उसने इंजीनियर अगमजोत सिंह से अपना तबादला रद्द करने या रोकने के लिए मौखिक रूप से विनती की थी।
इसके बाद शिकायतकर्ता के साथी कर्मचारी और फिटर हेल्पर अमरिंदर सिंह ने उसे बताया कि अगमजोत सिंह ने तबादला रोकने के लिए रिश्वत की मांग की है। इसके बाद अमरिंदर सिंह ने अगमजोत सिंह से फोन पर संपर्क किया। इस दौरान आरोपी अगमजोत सिंह ने 1,25,000 रुपये की मांग की, जो कि किस्तों में दिए जाने थे। अवैध राशि की मांग के संबंध में हुई बातचीत अमरिंदर सिंह ने अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड कर ली थी।
इस दौरान शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज जालंधर से संपर्क किया, जिसके बाद विजिलेंस ब्यूरो की एक टीम ने आरोपी सब-डिविजनल इंजीनियर अगमजोत सिंह को 2 सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 30,000 रुपए की रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस मामले में, विजिलेंस ब्यूरो के जालंधर रेंज पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच चल रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here