Edited By Urmila,Updated: 05 Oct, 2026 02:57 PM

जिले के गांव हररायपुर में जमीन विवाद ने रविवार शाम खूनी रूप ले लिया। जमीन पर पोल लगाकर तारें लगाने के दौरान हथियारों से लैस होकर पहुंचे हमलावरों ने एक युवक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
बठिंडा (विजय वर्मा) : जिले के गांव हररायपुर में जमीन विवाद ने रविवार शाम खूनी रूप ले लिया। जमीन पर पोल लगाकर तारें लगाने के दौरान हथियारों से लैस होकर पहुंचे हमलावरों ने एक युवक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान हरप्रीत सिंह (33) के रूप में हुई है। हमले में जगसीर सिंह और लवप्रीत सिंह भी घायल हुए हैं, जिनका सिविल अस्पताल बठिंडा में उपचार चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी हथियारों समेत मौके से फरार हो गए।
सिर पर टकुए का वार, जमीन पर गिरा युवक
मृतक के भाई सिकंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार शाम करीब 4:30 बजे वह हररायपुर स्थित जमीन पर पहुंचा, जहां उसका भाई हरप्रीत सिंह, जगसीर सिंह, लवप्रीत सिंह, लखवीर सिंह और अन्य लोग जमीन की सफाई करने के साथ पोल लगाकर तारें लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान 6-7 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर अमनदीप सिंह उर्फ अमना अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा।
शिकायत के अनुसार आरोपियों के हाथों में टकुए, लोहे की रॉड, पाइप और डंडे थे। आरोप है कि अमनदीप सिंह ने ललकारते हुए जमीन पर कब्जा करने की बात कही और हरप्रीत सिंह के सिर पर टकुए से वार कर दिया। वार लगते ही हरप्रीत जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद अन्य हमलावरों ने भी हरप्रीत, जगसीर और लवप्रीत पर हमला कर दिया। हमले के दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई। आरोप है कि हमलावरों ने जगसीर सिंह की स्विफ्ट कार में भी तोड़फोड़ की। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी हथियारों समेत फरार हो गए।
गोनियाना से बठिंडा रेफर, अस्पताल पहुंचते ही मौत
घायलों को पहले सिविल अस्पताल गोनियाना मंडी पहुंचाया गया। हरप्रीत सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे बठिंडा रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जगसीर सिंह और लवप्रीत सिंह का उपचार जारी है।
पुरानी जमीन रंजिश बनी हत्या की वजह
डीएसपी भूचो प्रितपाल सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल जगसीर सिंह और आरोपी अमनदीप सिंह उर्फ अमना के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते हमला किया गया। हालांकि हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच जारी है।
12 नामजद, कई की पहचान की जांच
थाना नेहियांवाला पुलिस ने सिकंदर सिंह के बयान पर अमनदीप सिंह उर्फ अमना सहित 12 नामजद आरोपियों तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में नामजद आरोपियों में अमनदीप सिंह उर्फ अमना, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, तोसी सिंह, राजी प्रधान, कांते का भाई, हरिंदर सिंह, मेला सिंह, जाकी, कौर सिंह, निक्का फौजी, अमनदीप की वर्कशॉप पर काम करने वाला व्यक्ति और हरमन सिंह के नाम सामने आए हैं। पुलिस आरोपियों की भूमिका और पहचान की पुष्टि कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here