Edited By Kalash,Updated: 15 Nov, 2026 02:34 PM

नडाला-सुभानपुर रोड पर नडाला में शर्मा पेट्रोल पंप के सामने हुए मिट्टी से लदे एक टिप्पर द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मार देने के कारण घटे हादसे में भयानक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
नडाला (शर्मा): नडाला-सुभानपुर रोड पर नडाला में शर्मा पेट्रोल पंप के सामने हुए मिट्टी से लदे एक टिप्पर द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मार देने के कारण घटे हादसे में भयानक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उक्त युवक ने उक्त मोटरसाइकिल दिवाली के दिन ही खरीदी थी।
जानकारी के अनुसार टिप्पर नंबर P.B. 06 V-5107 नडाला चौक से सुभानपुर की तरफ जा रहा था। इस दौरान टिप्पर ने आगे जा रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए और टिप्पर उन्हें मोटरसाइकिल समेत करीब 40-50 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में मोटरसाइकिल के पीछे बैठे राजिंदर सिंह (25) पुत्र प्यारा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चला रहा राहुल पुत्र मनजीत सिंह, दोनों निवासी गांव हैबतपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल राहुल को सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम और राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। घायल राहुल ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ सुभानपुर की तरफ जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक टिप्पर ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।
इस बारे में सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज नौनिहाल सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसी बीच नडाला पुलिस चौकी के इंचार्ज बलजिंदर सिंह भी पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मृतक युवक के चाचा हैबतपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन ने इस रोड पर नो-एंट्री के तहत दिन में टिप्परों के आने-जाने पर रोक लगा रखी है, लेकिन इसके बावजूद टिप्पर लगातार बिना रोक-टोक के चल रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि दिन में टिप्पर के आने-जाने पर लगी रोक को सख्ती से लागू किया जाए और ऐसे वाहनों का आना-जाना रोका जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दुखद हादसों को रोका जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here