Edited By Vatika,Updated: 10 Jun, 2019 04:18 PM
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिद्धू के इस्तीफे की पेशकश नामंजूर कर दी है।
चंडीगढ़(भुल्लर): ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिद्धू के इस्तीफे की पेशकश नामंजूर कर दी है। लोकसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह के साथ पैदा हुए टकराव के बाद पिछले दिनों अपना महकमा बदले जाने से नाराज सिद्धू नई दिल्ली पहुंचे थे।
2 दिन के इंतजार के बाद उनकी राहुल गांधी से मुलाकात हो सकी। राहुल गांधी केरल के दौरे पर गए हुए थे और बीती रात ही वापस लौटे थे। इस मौके पर प्रियंका गांधी और आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल भी मौजूद थे। आज राहुल गांधी से मुलाकात के समय नवजोत सिद्धू ने जहां मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह के खिलाफ उनको टारगेट करके लोकल बॉडीज विभाग वापस लेने की शिकायत की, वहीं मंत्री पद से इस्तीफा देने की पेशकश की।
सूत्रों की मानें तो सिद्धू इस्तीफा लिखकर साथ ले गए थे। उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपने के साथ ही एक अलग पत्र भी सौंपा, जिसमें उन्होंने लोकल बॉडीज विभाग में अपनी कारगुजारी का पूरा विवरण दिया था। शहरी क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी को 35 से अधिक विधानसभा हलकों में मिली जीत का उल्लेख पत्र में किया गया। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी सिद्धू के इस्तीफे की पेशकश से सहमत नहीं हुए और उन्हें वापस लौट कर अपने नए विभाग का काम संभालने के लिए कहा है। उन्होंने सिद्धू द्वारा की गई शिकायतों के बारे में मुख्यमंत्री से बातचीत करके विवाद को सुलझाने के लिए प्रमुख नेता अहमद पटेल की जिम्मेदारी लगाई गई है।