Edited By Punjab Kesari,Updated: 14 Dec, 2017 02:04 PM
रेलवे कर्मचारियों के लिए बने क्वार्टरों को किराए पर देने वाले कर्मचारियों के लिए आने वाला समय मुश्किल भरा हो सकता है, क्योंकि रेलवे विभाग इस मामले में अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। फिरोजपुर रेल मंडल के डी.आर.एम. विवेक कुमार ने कहा है कि रेलवे...
जालंधर(गुलशन): रेलवे कर्मचारियों के लिए बने क्वार्टरों को किराए पर देने वाले कर्मचारियों के लिए आने वाला समय मुश्किल भरा हो सकता है, क्योंकि रेलवे विभाग इस मामले में अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। फिरोजपुर रेल मंडल के डी.आर.एम. विवेक कुमार ने कहा है कि रेलवे कर्मचारियों को सरकारी आवास (क्वार्टर) उपलब्ध करवाए गए हैं, लेकिन कुछ कर्मचारियों ने इन्हें आगे किराए पर दे दिया है जिसकी जांच करवाई जाएगी।
अगर कोई कर्मचारी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डी.आर.एम. ने फिरोजपुर मंडल के अधीन आते स्टेशन फिरोजपुर, लुधियाना, जालंधर शहर, अमृतसर, पठानकोट, पालमपुर, जम्मू तवी तथा बडग़ाम में बने रेलवे क्वार्टरों की जांच के लिए एक मंडल स्तर पर कमेटी गठित की है, जोकि रेलवे क्वार्टरों का औचक निरीक्षण करेगी और रिपोर्ट बना कर मंडल रेल प्रबंधक को सौंपेगी।
डी.आर.एम. द्वारा बनाई गई 3 सदस्यीय जांच कमेटी में ए.पी.ओ. विजेंद्र कुमार के अलावा आर.पी.एफ . के असिस्टैंट कमांडैंट तथा इंजीनियरिंग विभाग के असिस्टैंट डिवीजनल इंजीनियर शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि ए.पी.ओ. विजेंद्र कुमार सभी स्टेशनों के लिए कॉमन रहेंगे। वहीं आर.पी.एफ . के असिस्टैंट कमांडैंट और असिस्टैंट इंजीनियर संबंधित स्टेशनों के होंगे।