राहुल शर्मा हत्याकांड में एक महीने बाद भी मुख्य आरोपी फरार, परिवार ने पुलिस पर लगाए आरोप

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 19 Nov, 2026 09:02 PM

rahul sharma murder case main accused still at large

शहर के मशहूर पंडित छोले-कुलचे के मालिक के बेटे राहुल शर्मा की हत्या को करीब एक महीना बीतने को है लेकिन मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस की जांच से नाराज परिजनों ने वीरवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इंसाफ की गुहार लगाई और पुलिस पर...

लुधियाना : शहर के मशहूर पंडित छोले-कुलचे के मालिक के बेटे राहुल शर्मा की हत्या को करीब एक महीना बीतने को है लेकिन मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस की जांच से नाराज परिजनों ने वीरवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इंसाफ की गुहार लगाई और पुलिस पर टालमटोल व परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान मृतक की पत्नी दीपिका शर्मा फूट-फूटकर रो पड़ीं और इसे सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या (प्लान्ड मर्डर) बताया।

पत्नी की जुबानी: 21 अक्टूबर की रात क्या हुआ था
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपिका शर्मा ने बताया कि घटना 21 अक्टूबर की रात की है। रात करीब 10 बजे राहुल का फोन आया कि वह अखिल जोशी की बर्थडे पार्टी में जा रहा है और अगले दिन हिमाचल प्रदेश में परिवार के पास आ जाएगा। उस समय पूरा परिवार हिमाचल में था और लुधियाना में केवल राहुल की बहन और जीजा ही थे। दीपिका ने बताया कि अखिल जोशी उनके ला पिनोज पिज्जा स्टोर पर फायर सेफ्टी के काम से एक-दो बार आया था जिससे राहुल की उससे जान-पहचान हुई थी। दीपिका के मुताबिक, रात करीब 1 बजे उनके भाई और 2 बजे उन्हें फोन आया कि राहुल के सीने में दर्द हुआ है और उसे डीएमसी अस्पताल ले जाया गया है। उस समय अखिल जोशी और परमराज (जो अभी फरार है) राहुल को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परमराज ने राहुल के पार्टनर से भाई का नंबर लेकर फोन किया और सिर्फ इतना कहा कि जीजा जी बीमार हो गए हैं। अस्पताल पहुंचने पर भी परमराज ने गोली लगने की बात छिपाई जिसका पता बाद में डॉक्टरों से चला। जब भाई ने गोली लगने का कारण पूछा तो परमराज ने कहा कि वह वॉशरूम में था। वहीं अखिल जोशी पहले अस्पताल से चला गया और 3 घंटे बाद वापस आकर उसने भी वॉशरूम में होने की ही बात कही। दीपिका ने सवाल उठाया कि क्या दोनों ही वॉशरूम में थे?

परिवार ने पुलिस की जांच पर उठाए 5 बड़े सवाल
दीपिका ने कहा कि परिवार रोज थाने जाता है लेकिन पुलिस कभी सुबह कभी शाम तो कभी अगले दिन आने का कहकर टाल देती है। उन्होंने सवाल किया कि पुलिस जनता के लिए बैठी है या जनता पुलिस के लिए? पुलिस ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि गोली अखिल जोशी ने चलाई या गगन ने। परिवार ने पूछा कि क्या पुलिस ने जोशी के घर के बाहर और अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, कॉल डिटेल्स और चैट्स की जांच की है? दीपिका ने कहा कि कोई भी आम आदमी जेब में 4 से 5 हजार रुपए लेकर चलता है लेकिन राहुल की जेब से सिर्फ 100 रुपए का नोट मिला। उनकी घड़ी और अंगूठी गायब है। यदि आरोपी बेकसूर हैं तो वह सारा सामान कहां गया।

परिजनों के अनुसार, वारदात के बाद अखिल जोशी राहुल की कार लेकर अपने घर गया और बाद में उसे डीएमसी अस्पताल के बाहर खड़ा कर दिया। उसने कहा कि चाबी गगन की गाड़ी में भेज दी है। अगले दिन पुलिस ने कार तक नहीं उठाई परिवार को खुद थाने जाकर दूसरी चाबी देनी पड़ी तब जाकर पुलिस कार थाने लेकर आई। दीपिका के मुताबिक, राहुल अपने फूड बिजनेस को बढ़ाना चाहते थे इसलिए मॉडल टाउन ट्यूशन मार्केट स्थित चाय सुट्टा बार के सिलसिले में गगन से मिले थे। अखिल जोशी से जान-पहचान भी सिर्फ 7-8 महीने (मई-जून) पुरानी थी और राहुल पहले कभी उसके जन्मदिन पर नहीं गए थे। गगन ने पार्टी में बुलाने के लिए बार-बार फोन किए जो साफ तौर पर सोची-समझी हत्या की ओर इशारा करता है।

वे 15 साल के बच्चे नहीं थे, उनके 10 मिनट ने हमारी जिंदगी खत्म कर दी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिर में रोते हुए दीपिका ने कहा कि जिस व्यक्ति ने यह दावा किया था कि गगन नई बंदूक लेकर आया था और टेबल पर रखते समय गोली चल गई, वह आज एक महीना बीतने के बाद कहां है? पार्टी में मौजूद बाकी लड़के पुलिस के सामने क्यों नहीं आ रहे? उन्होंने कहा कि किसी की जान गई है, वे कोई 15 साल के बच्चे नहीं थे कि गलती से गोली चला दी। उनके 10 मिनट ने हमारी पूरी जिंदगी खत्म कर दी है। मैं उनके परिवारों से पूछती हूं कि वे उनका साथ क्यों दे रहे हैं? परिवार ने मांग की कि पार्टी में मौजूद सभी लोगों को गिरफ्तार कर सही तरीके से जांच की जाए।

परिवार के अनुसार, मामले में अब तक केवल गगन, सागर और सक्षम को ही पकड़ा गया है जबकि पार्टी रखने वाला अखिल जोशी और परमराज समेत अन्य फरार हैं। इस पर थाना सदर के एसएचओ जगदेव शर्मा ने पुलिस का पक्ष रखते हुए स्थिति स्पष्ट की। पुलिस ने मामले में अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद गगन अरोड़ा से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया है। पार्टी रखने वाला अखिल जोशी फिलहाल फरार है जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच में जो भी नाम सामने आएंगे उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के आरोपों को गलत बताते हुए एसएचओ ने कहा कि परिवार जब भी आया है उनसे बात की गई है और जांच सही दिशा में चल रही है।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!