Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Nov, 2017 05:29 PM
राहुल गांधी की कांग्रेस अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया संगठनात्मक ढांचा बनाया जाएगा। कांग्रेसी हलकों से पता चला है कि पंजाब में प्रदेश कांग्रेस के सदस्य मनोनीत पहले ही हो चुके हैं। इसी तरह से निम्र स्तर पर चुनावी...
जालंधर (धवन) : राहुल गांधी की कांग्रेस अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया संगठनात्मक ढांचा बनाया जाएगा। कांग्रेसी हलकों से पता चला है कि पंजाब में प्रदेश कांग्रेस के सदस्य मनोनीत पहले ही हो चुके हैं। इसी तरह से निम्र स्तर पर चुनावी प्रक्रिया को संपन्न किया जा चुका है। अब केवल जिला इकाईयों में नए अध्यक्षों को बनाए जाने के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस की नई टीम को भी मंजूरी दी जानी है।
दूसरी ओर कांग्रेस कार्य समिति राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के संबंध में प्रस्ताव पारित कर चुकी है तथा साथ ही कांग्रेस कार्यसमिति ने पार्टी संगठन के चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। दिसम्बर के पहले सप्ताह में राहुल गांधी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी का कार्य संपन्न हो जाएगा। उसके बाद राज्य इकाईयों में नई टीमें गठित करने की तरफ कांग्रेस आलाकमान ध्यान देगा।
कांग्रेसी हलकों ने बताया है कि पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ द्वारा पार्टी की नई बनाए जाने वाली टीम में शामिल किए जाने वाले पदाधिकारियों को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के साथ सलाह-मशविरा किया जाएगा। संगठन में शामिल किए जाने वाले नए चेहरों को लेकर कैप्टन अमरेन्द्र सिंह भी अपने अनुभव से जाखड़ को अवगत करवाएंगे। कैप्टन के हाथों में कई बार पंजाब कांग्रेस की कमान रह चुकी है। माना जा रहा है कि कैप्टन द्वारा बनाए गए पुराने ढांचे के अधिकतर नेताओं को नए ढांचे में समायोजित कर दिया जाएगा। पंजाब कांग्रेस का फिलहाल पुराना संगठनात्मक ढांचा काम कर रहा है जिसका गठन पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन अमरेंद्र सिंह द्वारा किया गया था। दिलचस्प बात यह है कि कई कांग्रेस पदाधिकारी इस समय या तो मंत्री बन चुके हैं या फिर विधायक निर्वाचित हो चुके हैं जिसे देखते हुए नए चेहरों को पार्टी संगठन में स्थान देने की जरूरत है।